अफगानिस्तान-पाकिस्तान में जंग तेज…
पाकिस्तान पर तालिबान के हमले के बाद अब खुली जंग का एलान हो चुका है। पाकिस्तान की तरफ से काबुल और कंधार पर बमबारी की गई। पाकिस्तान ने ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक’ में 133 की मौत का दावा किया है। वहीं अफगानिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। अफगान सैनिकों ने सीमा पर हमले तेज कर दिए हैं।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच भारी तनाव जारी है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मुंहतोड़ जवाब देने की बात कही है। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शरीफ ने लिखा, पाकिस्तान के लोग और सुरक्षा बल देश की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए हमेशा तैयार हैं। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने पक्का इरादा कर लिया है कि वे किसी भी हालत में देश की शांति और सुरक्षा को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। हमारी सेना में किसी भी हमलावर इरादे को धूल में मिलाने की पूरी काबिलियत है।
अफगानिस्तान में तालिबान सरकार ने कहा है कि पाकिस्तानी विमान उनके हवाई क्षेत्र के ऊपर उड़ रहे थे।रातभर हवाई हमलों और पाकिस्तान के खुली जंग के ऐलान के बाद तालिबान ने भी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। तालिबान के उप प्रवक्ता हमदुल्ला फितरत ने दावा किया कि ये सभी ऑपरेशन कामयाब रहे और इनके जरिए पाकिस्तानी सेना के अहम ठिकानों को सीधे निशाना बनाया गया।
तालिबान प्रवक्ता ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि अफगानी वायुसेना ने पाकिस्तान के इस्लामाबाद, नौशेरा, जमरूद और एबटाबाद में स्थित सैन्य ठिकानों पर ड्रोन से हवाई हमले किए।विस्तार से जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे इस्लामाबाद के पास फैजाबाद में एक मिलिट्री कैंप, नौशेरा में कैंट एरिया, जमरूद मिलिट्री कॉलोनी और एबटाबाद को निशाना बनाया गया।
पाकिस्तान के सूचना मंत्री ने जानकारी दी है कि पाकिस्तानी तालिबान ने ड्रोन से हमले करने की कोशिश की थी। उन्होंने बताया कि सभी ड्रोन को मार गिराया गया और इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
