अभेद्य होगा सुदर्शन चक्र, S-400 के बाकी 2 स्क्वाड्रन पर भारत के दोस्त रूस का बड़ा ऐलान…
रूस से एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम के पांच स्क्वाड्रन खरीदने का करीब 40,000 करोड़ रुपये का यह मूल सौदा अक्टूबर 2018 में हुआ था। भारत को इस तरह के एडवांस एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने की आवश्यकता अपने दुश्मनों के अत्याधुनिक फाइटर जेट, क्रूज मिसाइलों और बैलिस्टिक मिसाइलों को नाकाम करने के लिए पैदा हुई थी।
भारत ने रूस से एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम के कुल पांच स्क्वाड्रन खरीदने की डील की हुई है। लेकिन रूस अभी तक सिर्फ इसकी तीन स्क्वाड्रन ही डिलीवर कर सका है लेकिन, अब मास्को ने बाकी दो स्क्वाड्रन भी इसी साल भारत भेज देने की बात कंफर्म कर दी है। रूसी अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि एस-400 का चौथा स्क्वाड्रन मई के आखिर या जून के शुरू में भारत पहुंच जाएगा। जबकि, पांचवां और आखिरी स्क्वाड्रन इसी साल नवंबर तक भारत को सौंप दिया जाएगा।
भारतीय एयर फोर्स के लिए यह इसके महत्वाकांक्षी मिशन ‘सुदर्शन चक्र’ का हिस्सा है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पैदा हुई परिस्थितियों के बाद देश को अभेद्य सुरक्षा घेरे में बदलने की तैयारी शुरू हो चुकी है, जिसका नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिशन’सुदर्शन चक्र‘ रखा है और एस-400 इसका एक महत्वपूर्ण और सफल हिस्सा है। इसने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान न केवल कई पाकिस्तानी फाइटर जेट को तबाह किया, बल्कि उसके एक विशाल एयरबोर्न सर्विलांस प्लेटफॉर्म के भी परखच्चे उड़ा दिए।
