इजराइली हमले में ईरानी रक्षामंत्री के मारे जाने की खबर:अमेरिका के साथ मिलकर 10 शहरों पर हमला;ईरान में 53 छात्राओं समेत 55 की मौत…
इजराइल ने शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान समेत कई शहरों पर बड़ा हमला किया।इजराइल ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान के 10 शहरों पर एयरस्ट्राइक की है। हमले के बाद ट्रम्प ने वीडियो जारी कर कहा कि ईरान पर यह हमला अमेरिकी नागरिकों की रक्षा के लिए किया गया है।
न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि इजराइली हमले मे ईरानी रक्षामंत्री अमीर नासिरजादेह और रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) के कमांडर मोहम्मद पाकपोर की मौत हो गई।इससे पहले ईरानी न्यूज एजेंसियों ने बताया था कि दक्षिणी ईरान के एक स्कूल पर मिसाइल गिरने से 55 छात्राओं की मौत हो गई, जबकि 45 घायल हैं।
ईरान की राजधानी तेहरान में खामेनेई के कार्यालय के पास भी हमला हुआ है। इस्राइल ने एक साथ ईरान के कई शहरों पर हवाई हमले किए हैं। ईरान ने पलटवार करते हुए पांच देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है।ईरान ने इजराइल पर करीब 400 मिसाइलें दागीं और कतर, कुवैत, जॉर्डन, बहरीन, सऊदी अरब व UAE में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को भी निशाना बनाया। इतना ही नहीं, ईरान ने UAE के सबसे ज्यादा आबादी वाले शहर दुबई पर भी हमला किया।
पश्चिम एशिया में बिगड़ते हालात के बीच रूस और अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। ईरान स्थित रूसी दूतावास ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वे आर्मेनिया या अजरबैजान के रास्ते जल्द देश छोड़ दें, जो ईरान की उत्तर-पश्चिमी सीमाओं से जुड़े हैं।
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन ने क्षेत्र के देशों पर ईरान के हमलों की कड़ी निंदा की है। तीनों देशों के नेताओं ने संयुक्त बयान जारी कर क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
ईरान और खाड़ी क्षेत्र के हालात पर भारत ने जताई चिंता, संयम बरतने की अपील
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर भारत ने गहरी चिंता जताई है। भारत सरकार ने सभी पक्षों से संयम बरतने, हालात को और न बिगाड़ने तथा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की है। बयान में कहा गया कि तनाव कम करने के लिए संवाद और कूटनीति का रास्ता अपनाया जाना चाहिए तथा सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान जरूरी है। भारत ने बताया कि क्षेत्र में मौजूद भारतीय मिशन नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्हें सतर्क रहने व स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
