टी20 वर्ल्ड कप 2026 : भारत के साथ खेलने को पाकिस्तान राजी, ICC मीटिंग के बाद पाकिस्तान ने लिया यू-टर्न
India vs Pakistan Match News: पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के साथ खेलने को राजी हो गया है. तय शेड्यूल के अनुसार यह मैच 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है. पाकिस्तान ने लाहौर में हुई मीटिंग के बाद यह फैसला लिया है. इस बैठक में पाकिस्तान और बांग्लादेश ने आईसीसी के सामने कई डिमांड रखी थीं, जिनमें से कुछ मांगों को स्वीकार कर लिया गया है.
लाहौर में हुई बैठक में मांग रखी गई कि वर्ल्ड कप से बाहर होने पर भी बांग्लादेश को मुआवजा दिया जाए. इस पर ICC राजी हो गया है. पाकिस्तान ने आईसीसी राजस्व में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग की थी. अभी आईसीसी राजस्व में हिस्सेदारी 5.75 प्रतिशत है, जो लगभग 34-35 मिलियन अमेरिकी डॉलर के बराबर बताया जाता है. आईसीसी ने पाकिस्तान की इस मांग पर भी विचार करने की बात कही है.
पाकिस्तान ने भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय सीरीज को दोबारा शुरू करने की मांग की थी, लेकिन आईसीसी ने इस डिमांड को ठुकरा दिया है. ICC (अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) का कहना है कि किन्हीं 2 देशों के बीच सीरीज करवाना उसके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता है.
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान का मैच हाइब्रिड मॉडल के तहत न्यूट्रल वेन्यू यानी श्रीलंका में खेल जाएगा.
