भारत ने जीता अंडर-19 वर्ल्ड कप, वैभव सूर्यवंशी बने प्लेयर ऑफ़ द मैच और प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट
भारतीय टीम ने मेंस अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीत लिया है. फ़ाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया.
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था.हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 412 रन की बड़ी चुनौती रखी थी.
लेकिन इंग्लैंड की टीम इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 311 रन पर ऑल आउट हो गई. इंग्लैंड के बल्लेबाज कैलेब फाल्कनर ने 67 गेंद में 115 रन की तूफानी पारी खेली. लेकिन उनकी पारी इंग्लैंड को जीत नहीं दिला पाई.
हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पिछले मैच के हीरो आरोन जॉर्ज महज 9 रन बनाकर ही पवेलियन वापस लौट गए.उस वक्त भारत का स्कोर चार ओवर में 20 रन ही था.लेकिन इसके बाद कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को निशाने पर ले लिया और महज 55 गेंदों में 8 चौके और 8 छक्कों की मदद से अपना शतक पूरा किया.
सूर्यवंशी ने 80 गेंदों में 175 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. इसके साथ ही वह अंडर-19 विश्व कप फाइनल मुकाबले में 150 रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए. वैभव सूर्यवंशी के इंग्लैंड के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में बनाया गया 175 का स्कोर यूथ वनडे क्रिकेट में किसी भी फाइनल या नॉकआउट मैच का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.
वैभव सूर्यवंशी सिर्फ फाइनल में ही नहीं चमके, बल्कि पूरे टूर्नामेंट में उनका बल्ला खूब बोला. वो इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज रहे. उन्होंने 7 पारियों में 62.71 की औसत से 439 रन बनाए. उनका स्ट्राइक रेट 169.49 का रहा जो बहुत शानदार है. पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने कुल 30 छक्के लगाए, जो इस एडिशन में किसी भी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. उनके नाम एक शतक और तीन अर्धशतक भी रहे. यही कारण है कि उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का खिताब भी मिला.
