युद्ध विराम बेअसर?: सीजफायर के कुछ ही घंटे बाद ईरान के ऑयल रिफाइनरी पर ब्लास्ट, तेहरान का UAE-कुवैत पर हमला….
ईरान में सीजफायर के ऐलान के कुछ घंटों बाद हमला हुआ है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आज ईरान के लवन आइलैंड की तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया। लोकल समय के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे हमले के बाद रिफाइनरी में आग लग गई।
इस बीच कुवैत ने भी दावा किया कि सीजफायर के बावजूद ईरान की ओर से ड्रोन हमला किया गया। कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सऊद अब्दुलअजीज अल-ओतैबी के मुताबिक, सुबह से अब तक 28 ईरानी ड्रोन इंटरसेप्ट (मार गिराए) गए हैं।
रिपोर्ट में बताया गया, दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ। लेकिन यह नहीं बताया गया है कि हमला किसकी ओर से किया गया है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने भी कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ईरान की ओर से आ रही मिसाइलों के जवाब में गोलीबारी कर रही है।
दरअसल, अमेरिका और ईरान के बीच आज करीब 40 दिन बाद 2 हफ्ते के सीजफायर पर सहमति बनी है।पिछले चालीस दिन से चल रहे इस युद्ध को लेकर अमेरिका ने सशर्त सीजफायर की घोषणा की है। दोनों ही पक्षों ईरान और अमेरिका ने एक दूसरे पर अगले दो हफ्ता हमला न करने को लेकर शांति समझौता किया है।
ईरान के लिए क्यों जरूरी है लावन आईलैंड
ईरान का लावन द्वीप फारस की खाड़ी में मौजूद स्ट्रैटेजिक रूप से महत्वपूर्ण आईलैंड है । यह लगभग 78 वर्ग किमी में फैला हुआ है । इसके अलावा लावन से ईरान बड़ी मात्रा में कच्चा तेल निर्यात करता है । यह एक कच्चे तेल निर्यात का टर्मिनल है। यहां बड़ी मात्रा में तेल रिफाइन किया जाता है । इसके अलावा यहां लावन का गैस एरिया भी है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से यह करीबन 450 से 500 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है।
