रांची से दिल्ली आ रही एयर एम्बुलेंस क्रैश, मरीज समेत सात की मौत…
झारखंड के चतरा जिले में सिमरिया के पास सोमवार शाम को रांची से दिल्ली जाते समय एयर एम्बुलेंस के क्रैश होने का मामला सामने आया था|
रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस सोमवार को झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में मरीज, डॉक्टर, दो अटेंडेंट और पायलट सहित सात लोग सवार थे, जिनकी सभी की मौके पर ही मौत हो गई। रेडबर्ड कंपनी का बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L एक एयर एंबुलेंस था।
फ्लाइट ने सोमवार शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी, 7:34 पर एयरक्राफ्ट का कम्युनिकेशन टूट गया। थोड़ी देर बाद प्लेन झारखंड के चतरा जिले के समरिया के जंगलों में क्रैश हो गया। प्लेन में कैप्टन विवेक विकास भगत (पायलट), कैप्टन सबराजदीप सिंह ( को-पायलट), संजय कुमार (मरीज), अर्चना देवी (परिजन), धूरू कुमार (परिजन), विकास कुमार गुप्ता (डॉक्टर), सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिकल स्टाफ) सवार थे।
आंधी-तूफान के कारण हुआ हादसा
डीसी कीर्तिश्री जी ने बताया कि हादसा तेज आंधी-तूफान के कारण हुआ। डॉक्टरों की टीम ने घटनास्थल पर सभी 7 लोगों को मृत पाया। वहीं एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि उन्हें लगभग 10 बजे घटना की जानकारी मिली। हादसे वाली जगह तक पहुंचना काफी मुश्किल था। उन्होंने कहा कि दिल्ली से टीम जांच के लिए जल्द ही पहुंचेगी और ब्लैक बॉक्स को निकालकर हादसे की वजह पता लगाने की कोशिश करेगी।
रांची के देवकमल हॉस्पिटल के CEO, अनंत सिन्हा ने PTI को बताया कि एयर एम्बुलेंस का इंतजाम एक मरीज ने किया था। उन्होंने कहा, “लातेहार जिले के चंदवा के रहने वाले मरीज संजय कुमार (41) को 16 फरवरी को 65 परसेंट जलने की हालत में हॉस्पिटल लाया गया था। हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था। सिन्हा ने आगे कहा कि परिवार वालों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाने का फैसला किया। मरीज को लगभग 4.30 बजे हॉस्पिटल से दिल्ली के लिए ले जाया गया। शाम को विमान हादसे में मरीज के साथ जा रहे सभी लोगों की मौत हो गई।
एयर एंबुलेंस ने रांची हवाईअड्डे से शाम करीब 7:10 बजे उड़ान भरी थी। शाम 7:34 बजे विमान का एयर कंट्रोल से संपर्क टूट गया। आखिरी बार विमान का संपर्क कोलकाता एयर कंट्रोल से हुआ था, लेकिन शाम 7:34 बजे विमान का कोलकाता के साथ संपर्क और रडार संपर्क लगभग वाराणसी से दक्षिण-पूर्व में 100 एनएम की दूरी पर टूट गया। वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल के अनुसार विमान ने उससे कोई संपर्क नहीं किया।
विमान का कोई पता नहीं चलने के बाद रात 8:05 बजे बचाव समन्वय केंद्र को सक्रिय कर दिया गया और विमान की तलाश शुरू कर दी गई। इस बीच, सिमरिया क्षेत्र के ग्रामीणों ने एक विमान गिरने की सूचना पुलिस व प्रशासन को दी। बाद में खासियातू करम टांड़ के घने जंगल में विमान का मलबा मिला।मोबाइल फोन की टॉर्च और अन्य उपलब्ध साधनों के जरिये खोजते हुए ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे।
