सरकार ने माना- घबराहट की वजह से सिलेंडर बुकिंग बढ़ी:रोज 50 लाख सिलेंडर डिलीवर हो रहे; 1 लाख पेट्रोल पंप पर तेल की कमी नहीं….
पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने गैस की किल्लत के मुद्दे पर लोकसभा में कहा, भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति की स्थिति सुरक्षित है। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के राजनयिक प्रयासों के कारण, भारत ने उतनी मात्रा में कच्चा तेल सुरक्षित कर लिया है। उन्होंने साफ किया कि देश में पेट्रोल, डीजल और केरोसिन की कोई कमी नहीं है।
भारत सरकार के विदेश, शिपिंग, पेट्रोलियम, सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने गुरुवार को देश में कच्चे तेल और गैस की किल्लत को लेकर जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। सरकार ने माना कि देश में हालात चुनौतीपूर्ण हैं और घबराहट के कारण देशभर में सिलेंडर बुकिंग में कई गुना बढ़ोतरी देखी गई है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि भारत अपनी जरूरत का करीब 60% LPG आयात करता है, जिसमें से लगभग 90% सप्लाई स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से आती है। देश में रोजाना करीब 50 लाख LPG सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है।हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि देश में कच्चे तेल की सप्लाई की स्थिति पूरी तरह संतोषजनक है और देश के करीब एक लाख पेट्रोल पंपों में से किसी पर भी ईंधन खत्म होने (ड्राई-आउट) की स्थिति नहीं है।
लोकसभा में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने पश्चिम एशिया संकट के बाद देश में गैस की किल्लत के मुद्दे पर बयान दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया के ऊर्जा इतिहास में शायद ही कभी ऐसा समय आया हो जैसा अभी पश्चिम एशिया के संकट के कारण देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद गंभीर मानी जा रही है। लोकसभा में मंत्री कहा कि मोदी सरकार की प्राथमिकता यह है कि भारत के 33 करोड़ परिवारों की रसोई में किसी भी प्रकार की (ईंधन की) कमी न हो।
UP सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है ।उन्होंने अपील की कि रसोई गैस की कमी के अफवाहों से बचें।सीएम ने कहा कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है।अमेरिका-इजराइल की ईरान से जंग के बीच भारत में LPG की डिमांड बढ़ गई है। देशभर में गैस सिलेंडर एजेंसियों के बार लम्बी लाइनें लग रही हैं। सिलेंडरों की कालाबाजारी भी होने लगी है। राज्यों में ₹900 के घरेलू गैस सिलेंडर के लिए ₹1800 तक वसूले जा रहे हैं।
