55 राज्य सभा सीटों के लिए नामांकन समाप्त , 26 मार्च को होंगे मतदान
लालकिला पोस्ट डेस्क
26 मार्च को राज्य सभा की 55 सीटों पर होने वाले मतदान के लिए शुक्रवार को नामांकन समाप्त हो गया। इस चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर है। राज्यसभा में खाली होने वाली 55 सीटों में अभी भाजपा के पास 15, कांग्रेस के पास 13, एआईएडीएमके के पास 4, जेडीयू के पास 3, जबकि बीजेडी के पास 2 सीटें हैं। शेष सीटें अन्य दलों के पास हैं। कांग्रेस ने कुमारी सैलजा और मोतीलाल वोरा जैसे वरिष्ठ नेता का टिकट काटकर दीपेंद्र हुड्डा को मैदान में उतारा है। इस चुनाव में दिग्विजय सिंह, शरद पवार, बिहार से हरिवंश नारायण सिंह, मप्र से ज्योतिरादित्य सिंधिया जैसे दिग्गजों का चुना जाना तय है। बिहार में भाजपा ने वरिष्ठ नेता सीपी ठाकुर की जगह उनके बेटे विवेक ठाकुर को टिकट दिया। हिमाचल से इंदु गोस्वामी और राजस्थान से राजेंद्र गहलोत को मैदान में उतारा है।महाराष्ट्र में शिव सेना ने युवा चेहरे के रूप में प्रियंका चतुर्वेदी को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस ने गुजरात से शक्तिसिंह गोहिल और भरत सिंह सोलंकी को टिकट दिया है। मप्र से दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया मैदान में हैं। छत्तीसगढ़ से फूलोदेवी नेताम और केटीएस तुलसी, राजस्थान से केसी वेणुगोपाल और नीरज डांगी को टिकट दिया है। आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस के सभी चारों प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है।
55 सीटों पर होने वाले मतदान में महाराष्ट्र की 7, ओडिशा की 4, तमिलनाडु 6, पश्चिम बंगाल 5, आंध्र प्रदेश 4, तेलंगाना 2, असम 3, बिहार 5, छत्तीसगढ़ 2, गुजरात 4, हरियाणा 2, राजस्थान 3, मध्यप्रदेश 3 व मणिपुर, मेघालय और हिमाचल की एक-एक सीटों के लिए नामांकन भरा गया।
महाराष्ट्र में प्रियंका चतुर्वेदी, एनसीपी से फौजिया खान, कांग्रेस से राजीव सातव और भाजपा के डॉ भागवत कराड के अलावा एनसीपी प्रमुख शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले व भाजपा से उदयनराजे भोसले चुनाव मैदान में हैं। उधर बिहार में पांच में से तीन राजग और दो सीटों पर राजद की जीत पक्की है। पहले ये पांचों सीटें राजग के पास थी। वहीं आंध्र प्रदेश में चार सीटों पर चुनाव में जगनमोहन रेड्डी की पार्टी के प्रत्याशियों की जीत पक्की है, क्योंकि 175 सदस्यीय विधानसभा में उनके 151 सदस्य हैं।
