काले रंग के इस सेब को ब्लैक डायमंड क्यों कहा जाता है ?
लालकिला पोस्ट डेस्क
काले अंगूर तो आपने खूब खाए होंगे। संभव है हर दिन सुबह एक सेब भी खाते होंगे। डॉक्टर भी यही सलाह देते हैं। अगर सवाल ये किया जाए कि आपने कितने रंगों के सेब खाए हैं, तो आम तौर पर जवाब होगा- लाल, हरा या हल्का पीला। लेकिन मजेदार बात ये है कि काले अंगूर की तरह, काले रंग का सेब भी होता है। दुर्लभ प्रकार के इस सेब का रंग असल में गहरा बैगनी ही होता है, लेकिन पहली नजर में ये काला ही दिखता है।
इतना ही नहीं आपको ये जानकर हैरानी होगी कि इस दुर्लभ सेब के प्रकार को ब्लैक डायमंड कहा जाता है। तिब्बत की पहाड़ियों पर इसकी खेती होती है और इस किस्म को ‘हुआ नियु’ कहा जाता है। इस सेब के अनोखे गहरे बैगनी रंग के पीछे तिब्बत के नाइंग-ची क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति है। चीन की कंपनी Dandong Tianluo Sheng Nong E-Commerce Trade Co. 50 हेक्टेयर जमीन में इसकी खेती करती है। ये जमीन समुद्र तल से 3100 मीटर की ऊंचाई पर है। ये इस तरह के सेब के लिए सबसे आर्दश जगह है।
इस जगह का तापमान भी दिन और रात में काफी अलग होता है। दिन में फल को भरपूर मात्रा में सूर्य की रोशनी और अल्ट्रा वॉयलट किरणें मिलती हैं। इसी वजह से सेब का रंग गहरे लाल रंग से बदलते हुए गहरा बैंगनी हो जाता है। नाइंग-ची बगान में साल 2015 से इस सेब की खेती शुरू हुई है। हालांकि, तीन साल बाद भी चुनिंदा पेड़ों पर ये फल लग रहे हैं। इन सेबों की सबसे अधिक खपत बीजिंग, शंघाई, गुआंगजौ और शेन्जेन के सुपरमार्केट्स में है। इसे आम तौर पर 6-8 सेब के गिफ्ट पैक में बेचा जाता है। ‘टेंसेंट न्यूज’ की मानें तो एक ब्लैक डायमंड सेब की कीमत 50 युआन है। यानी करीब 500 रुपये।
