क्या रुसी राष्ट्रपति पुतिन आजीवन अपने पद पर बने रहेंगे
लालकिला पोस्ट डेस्क
रूस में नये संबैधानिक सुधार संशोधन से जुड़े कानून पर राष्ट्रपति पुतिन ने हस्ताक्षर कर अपने लिए दो और कार्यकालों के लिए रास्ता साफ़ कर लिया है। इन संशोधनों के जरिए राष्ट्रपति के तौर पर उनके 2 और कार्यकालों का भी रास्ता साफ होने वाला है। क्रेमलिन ने संवैधानिक सुधार से जुड़े 68 पेज के कानून को अपने ऑफिशल वेबसाइट पर छापा है। हालांकि, इस मामले में कानून बनाने के परंपरागत प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया है।
इस कानून को अब रूस की संवैधानिक अदालत में भेजा जाएगा जो एक हफ्ते में इसका फैसला करेगी कि इसे मंजूरी दी जाए या नहीं। इसके बाद इस कानून पर रूसी लोग वोटिंग करेंगे। क्रेमलिन ने वोटिंग के लिए 22 अप्रैल की तारीख मुकर्रर की है। विपक्षी दल इसका विरोध कर रहे हैं।
67 साल के व्लादिमीर पुतिन ने मंगलवार को अपने 2 और कार्यकाल का रास्ता साफ करने वाले प्रस्ताव का समर्थन किया। अभी की संवैधानिक व्यवस्था के तहत 2024 तक वह राष्ट्रपति रह सकते हैं और उसके बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ेगा। रूसी राष्ट्रपति ने वैसे तो जनवरी में ही कहा था कि वह संविधान में संशोधन करेंगे लेकिन वह लगातार इस बात से इनकार करते रहे कि वे प्रस्तावित बदलाव अपने कार्यकाल को बढ़ाने के लिए करने वाले हैं।
