BLA ने मुनीर सेना को दी बड़ी चोट – 14 शहर, 76 हमले, 350 से ज्यादा सुरक्षाबलों को मारने का दावा..
बलूचिस्तान में जारी संघर्ष के बीच बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ‘ऑपरेशन हेरोफ II’ अभियान के तहत बड़े पैमाने पर हमले करने का दावा किया है. संगठन के अनुसार 31 जनवरी सुबह 5 बजे से शुरू होकर 6 फरवरी शाम 4 बजे तक चले छह दिन के इस अभियान में उसके लड़ाकों ने 14 शहरों में 76 से अधिक हमले किए. बीएलए की तरफ से एक बयान में बताया गया है कि इनमें कई हमले एक साथ समन्वित तरीके से अंजाम दिए गए.
BLA ने कहा कि इस अभियान में उसकी प्रमुख इकाइयों – मजीद ब्रिगेड, स्पेशल टैक्टिकल ऑपरेशंस स्क्वाड,फतेह स्क्वाड, खुफिया विंग ZIRAB और मीडिया विंग हक्कल ने हिस्सा लिया. संगठन का दावा है कि इस दौरान उसके 93 लड़ाके मारे गए, जिनमें मजीद ब्रिगेड के 50 फिदायीन शामिल हैं. संगठन ने यह भी कहा कि झड़पों, घात लगाकर किए गए हमलों और अन्य कार्रवाइयों में पाकिस्तानी सेना, फ्रंटियर कॉर्प्स, पुलिस और खुफिया एजेंसियों से जुड़े से जुड़े 360से अधिक कर्मी मारे गए. हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है. पाकिस्तान सरकार का कहना है कि इसी अवधि में सुरक्षा बलों ने 200 से ज्यादा उग्रवादियों को मार गिराया है.
