दुनिया का सबसे खतरनाक भूकंप जिसने लील ली 8 लाख से ज्यादा जान !
लालकिला पोस्ट डेस्क
भूकंप का नाम सुनते ही लोगों के होश पाख्ता हो जाते हैं। इसका नाम सुनते ही लोग कांपने लगते हैं। दुनियाभर में भूकंप की वजह से करोड़ों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लेकिन आज हम ऐसे भूकंप की बात करेंगे, जिसने एक ही झटके में 8 लाख से ज्यादा लोगों की जान ले ली।
जी हां, 23 जनवरी 1556 को चीन में दुनिया का सबसे विनाशकारी भूकंप आया था। इस भूकंप ने एक झटके में 8 लाख 30 हजार लोगों की जान ले ली थी। इस भूकंप को शांक्सी भूकंप कहा जाता है। तीव्रता के मामले में धरती में इससे भी तेज भूकंप आ चुके हैं, पर उस वक्त आए इस जलजले से अब तक सबसे ज्यादा मौतें हुई थीं।
रिक्टर स्केल पर 8 तीव्रता वाले इस भूकंप ने करीब 840 किमी के दायेर में जबर्दस्त तबाही मचाई थी। इतना इलाका पूरी तरह मिट्टी में मिल गया था। इसका असर शांक्सी प्रांत की करीब 97 काउंटीज पर पड़ा था। भूकंप की वजह से कई जगह भूस्खलन हुए थे जिससे करीब 8 लाख 30 हजार लोगों की मौत हुई थी।
इतिहासकारों की मानें तो भूकंप की तीव्रता ऐसी थी कि जमीन पर 66 फीट तक गहरी दरारें आ गई थीं और प्रभावित इलाकों में से 60 प्रतिशत तक जनसंख्या खत्म हो गई थी। बताया जाता है Huaxian सिटी के करीब वेई नदी इस भूकंप का सेंटर थी। हालांकि, वैज्ञानिकों के पास ऐसी कोई जानकारी नहीं है, जिससे पता चल सके कि ये भूकंप कितनी गहराई से आया था। पर विनाश देखकर ये कहा गया था कि धरती के नीचे कई किलोमीटर की गहराई पर ये शुरू हुआ था।
