आखिर दुनिया में कहां छुट्टी नहीं लेना कर्मचारियों को पड़ता है भारी ?

लालकिला पोस्ट डेस्क
एक एम्प्लॉई के दिल का सबसे बड़ा दर्द मन मुताबिक छुट्टी न मिलना है। दफ्तर से छुट्टी मारो तो सैलरी कट जाती है। लेकिन क्या आपको पता है कि दुनिया में एक ऐसा भी देश है, जहां छुट्टी नहीं लेने पर कर्मचारियों से जुर्माना वसूला जाता है।
जी हां, आप शायद यकीन भी नहीं करेंगे, लेकिन आपको बता दें, फ्रांस एक ऐसा देश है, जहां दफ्तरों में छुट्टियों की चिंता खुद एम्प्लॉइज से ज्यादा सरकार को होती है। यहां एम्लॉइज की छुट्टी को लेकर अजब कानून हैं। ये पूरी दुनिया को तब पता चला, जब हाल ही में एक बेकर पर 3600 डॉलर यानी करीब 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माने के पीछे की वजह थी उसका छुट्टी न लेना।
दरअसल इस 41 साल के बेकर सेड्रिक वाइव्रे पर आरोप था कि उसने पिछले साल की गर्मी से अब तक कोई भी छुट्टी नहीं ली थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस शख्स ने टूरिस्ट की बढ़ती संख्या को देखते हुए पूरे सप्ताह अपनी बेकरी को खोल कर रखा था, जबकि फ्रांस के लोकल लेबर लॉ की मानें तो छोटे बिजनेसमैन सप्ताह में सिर्फ 6 दिनों तक ही काम कर सकते हैं।
लेकिन सेड्रिक और उसके कर्मचारियों ने न सिर्फ सातों दिन काम किया, बल्कि देर रात तक भी काम किया। ये वहां के लेबर लॉ के खिलाफ है। हालांकि कुछ लोग बेकरी वाले का फेवर कर रहे हैं। लोगों का मानना है कि इस नियम से बिजनेस को नुकसान होता है।