कहां की कंपनी अच्छी नींद लेने वाले कर्मचारियों को देती है इनाम ?

लालकिला पोस्ट डेस्क
आज हम आपको जापान की एक ऐसी कंपनी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो अच्छी नींद सोने वाले अपने कर्मचारियों को इनाम देता है। आपको ये सुनकर जरूर हैरानी हो रही होगी, लेकिन ये सोलह आने सच है।
जी हां, शादियां आयोजित करने वाली जापान की ये कंपनी क्रेजी इंक अपने उन कर्मचारियों को वेतन से अलग एक इनाम देती है, जो अच्छी नींद के बाद दफ्तर पहुंचते हैं। हफ्ते के पांचों दिन कम से कम 6 घंटे की नींद लेने वाले कर्मचारियों को पूरे साल अवॉर्ड में कुछ पॉइंट्स देती है, जिनकी कीमत 570 डॉलर यानी करीब 41 हजार रुपए है। इन पॉइंट्स को कर्मचारी दफ्तर की कैंटीन में खर्च कर सकते हैं। यानी अच्छी नींद के बदले मिलेगा फ्री खाना। ये कंपनी नींद के अलावा बेहतर पोषण, व्यायाम और दफ्तर में पॉजिटिव माहौल को बढ़ावा भी देती है। खासतौर पर विकसित किए गए एक ऐप के जरिए सोने के घंटे का ट्रैक रखा जाता है।
कंपनी का मानना है कि बिजनेस को बढ़ावा देने के लिए कर्मचारियों के लिए पर्याप्त नींद जरूरी है। इसलिए उन्होंने पर्याप्त नींद लेने वाले कर्मचारियों को इनाम देने का फैसला किया है। कंपनी के प्रमुख के मुताबिक हमें कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा करनी होगी, नहीं तो देश खुद-ब-खुद कमजोर हो जाएगा। एक सर्वे के मुताबिक 20 साल से अधिक उम्र के 92 फीसदी से ज्यादा जापानियों का कहना है कि उन्हें पर्याप्त नींद नहीं मिल रही है। कुछ रिपोर्ट्स ये दावा भी करती है कि जापानी ज्यादा श्रम करने के कारण मौत का शिकार भी हो रहे हैं। तो है ना ये एक अच्छी डील।