सफल वैवाहिक जीवन होने का खुल गया राज़ !

लालकिला पोस्ट डेस्क
हर महिला और पुरुष चाहते हैं कि उनका वैवाहिक जीवन सफल चले। इसके लिए दंपति अपनी तरफ से हर संभव कोशिश भी करते हैं। मगर इसके बावजूद भी कई जोड़ों की शादी सफल होती है और कुछ लोगों के संबंध तनावपूर्ण होते हैं। अब शोधकर्ताओं ने कहा है कि सफल वैवाहिक जीवन में जीन की अहम भूमिका होती।
दरअसल हालिया एक शोध के नतीजों में वैज्ञानिकों ने कहा कि विशेष जीनों में विभिन्नता ऑक्सीटोसिन की कार्यपद्धति से जुड़ी होती है। ये सफल वैवाहिक जीवन पर व्यापक असर डालता है। जीन ही पार्टनर्स के बीच अच्छे संबंधों के लिए महत्वपूर्ण होते हैं। अमेरिका के बिंघमटन यूनिवर्सिटी के एसोसिएट प्रोफेसर रिचर्ड मैटसन ने कहा कि सफल वैवाहिक जीवन के लिए जीन मायने रखते हैं। जीन किसी भी व्यक्ति के लिए अहम होते है और व्यक्तियों की अलग-अलग विशेषताएं शादी पर असर डालती हैं।
इससे पहले के शोध में भी इस बात के संकेत दिए गए थे कि आंशिकतौर पर सफल वैवाहिक जीवन आनुवांशिक कारकों से प्रभावित होता है। ऑक्सीटोसिन सामाजिक ताने-बाने को मजबूत बनाने में मददगार होता है। इस शोध में अलग-अलग तरह के जीनोटाइप- ऑक्सीटोन रिसेप्टर जीन के संभावित जीन संयोजन का मूल्यांकन किया गया। इससे पता चला कि किस तरह जीवनसाथी एक दूसरे का सहयोग करते हैं। ये सफल वैवाहिक जीवन का प्रमुख निर्धारक होता है।