दुनिया में कहां शादी नाम की चीज का अस्तित्व नहीं है ?

लालकिला पोस्ट डेस्क
दुनिया में शादी की अलग-अलग परंपराएं हैं। लेकिन चीन की एक ऐसी जगह है, जहां पर शादी नाम की चीज का अस्तित्व ही नहीं है। जी हां, हम बात कर रहे हैं दक्षिण-पश्चिमी चीन की, जहां की मूसो जनजाति में एक ऐसी परंपरा है, जिसके बारे में जानकर शायद आपको हैरानी हो।
दऱअसल यहां पर लोग शादी के बंधन में बंधे बिना ही अपने पार्टनर के साथ रहते हैं। इस व्यवस्था को ‘वॉकिंग मैरिज’ का नाम दिया गया है। जहां पुरुष-महिला एक साथ रहते तो नहीं हैं, लेकिन सोते साथ में हैं। परंपरा के मुताबिक, चाहे कितने लंबे समय का रिश्ता क्यों ना हो, महिलाएं और पुरुष एक साथ नहीं रहते हैं। यहां महिलाएं एक से ज्यादा पार्टनर चुनने के लिए भी स्वतंत्र होती हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां 13 साल की उम्र में ही लड़कियों को अपने समुदाय के किसी भी पुरुष से प्रेम करने का अधिकार मिल जाता है। पुरुष दिन भर फिशिंग और शिकार जैसे काम करते हैं और रात में लड़की के घर जाते हैं। लड़की के वयस्क होते ही उसे एक अलग बेडरूम दे दिया जाता है और वो अपने पार्टनर को रात बिताने के लिए घर बुला सकती है। अगर इस संबंध से उनके बच्चे होते हैं, तो इसकी जिम्मेदारी मां की होती है। वो अपनी बहनों की मदद से उनका भरण-पोषण करती है।
इसे दुनिया की आखिरी मातृसत्तात्मक व्यवस्था वाला समाज कहा जाता है। जहां महिलाएं ही ‘बॉस’ होती हैं। यानी बच्चों के पिता उनके साथ नहीं बल्कि अलग रहते हैं। यहां बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी पिता की नहीं बल्कि मां और उसके घर वालों की होती है। बच्चे के भरण-पोषण के लिए पिता से किसी भी तरह की आर्थिक सहायता नहीं मिलती है।