इस महल जैसी जेल में क्यों रहता है सिर्फ एक कैदी ?

लालकिला पोस्ट डेस्क
दुनिया रहस्यों से भरी हुई है। जिधर भी नजरें इनायत करो कुछ न कुछ अद्भुत और रोचक नजर आ ही जाता है। भारत के गुजरात राज्य की तरफ एक छोर पर देखेंगे तो ऐसा ही कुछ दिलचस्प नजारा दिखेगा। जिसे देखने के बाद आप कंफ्यूज भी हो सकते हैं। समुद्र किनारे एक आलीशान बिल्डिंग नजर आएगी। जो किसी महल की तरह नजर आता है। लेकिन आप जानकर हैरान हो जाएंगे कि ये कोई महल नहीं बल्कि एक जेल है।

जी हां, हम बात कर रहे हैं दीव की। केंद्रशासित प्रदेश के रूप में जाने जाने वाले दीव की एक जेल की भव्यता देखकर आश्चर्यचकित हो जाएंगे। किसी जमाने में ये जगह पुर्तगाल की कॉलोनी के भीतर आती थी। करीब 475 साल पुरानी इस जेल में फिलहाल सिर्फ और सिर्फ एक ही कैदी रहता है। कैदी का नाम दीपक कांजी है और उसकी उम्र 30 साल है। दीपक कांजी पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी की जहर देकर हत्या कर दी थी।
जेल में बंद इकलौते कैदी की सुरक्षा में 5 सिपाही और 1 जेलर की तैनाती की गई है। सभी की शिफ्ट घंटों के हिसाब से तय की गई है। आंकड़ों के मुताबिक दमन और दीव में प्रत्येक कैदी पर सरकार को 32 हजार रुपये का खर्च आता है। जोकि अन्य राज्यों के मुकाबले बहुत ज्यादा है।
2013 में ही इस जेल को बंद करने की घोषणा कर दी गई थी। तब से यहां कैदियों का आना रुका हुआ है। कुछ सालों पहले यहां 7 कैदी हुआ करते थे। जिनमें 2 महिलाएं भी शामिल थीं। लेकिन किन्हीं कारणों से उनमें से 4 का ट्रांसफर गुजरात की अमरेली जेल में कर दिया गया। वहीं 2 कैदियों की सजा की अवधि पूरी हो गई थी, लिहाजा उन्हें रिहा कर दिया गया। इसलिए अब सिर्फ एक ही कैदी रह गया है।