1700 साल पुराने इस पेड़ पर क्यों लगे हैं लाखों सिक्के ?

लालकिला पोस्ट डेस्क
एक कहावत तो आपने जरूर सुनी होगी कि ‘पैसे पेड़ पर नहीं उगते’। लेकिन आज हम आपको ऐक ऐसे पेड़ से रूबरू कराने जा रहे हैं, जो इस कहावत को गलत साबित करता है। इतना ही नहीं इस पेड़ को देखकर आप भी हैरानी से कहेंगे कि पैसे तो पेड़ पर ही उगते हैं! जी हां, करीब 1700 साल पुराने इस पेड़ पर हजारों की संख्या में सिक्के लगे हुए हैं।
दऱअसल हम जिस पेड़ की बात कर रहे हैं, वो ब्रिटेन के पीक डिस्ट्रिक्ट में मौजूद है। इस पेड़ को लेकर दुनियाभर में काफी मान्यताएं हैं, इस पेड़ पर ना सिर्फ ब्रिटेन के सिक्के लगे हुए हैं, बल्कि दुनियाभर के सिक्के इस पेड़ में जड़े हुए हैं। गुडलक और अन्य विश के लिए दुनियाभर से लोग यहां पहुंचते हैं और सिक्के गाड़ देते हैं। पेड़ पर इच्छा पूरी करने के मकसद से लगाए गए ये सिक्के शायद सदियों पुराने हैं, क्योंकि इन पर तारीख सदियों पुरानी है। ये पेड़ देखने में खजाने के ढेर की तरह लगता है। इस पेड़ पर ऐसी कोई जगह नहीं बची जहां सिक्के ना हों।
सिक्कों के पेड़ को लेकर हर जगह अलग-अलग मान्यताएं हैं, जिसके चलते इस पर सिक्के लगाते हैं। कुछ लोगों का मानना है कि पेड़ पर जो भी सिक्का लगता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं और उसे सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। कुछ लोगों का मानना है यह भी है कि इस पर किसी शक्ति का वास है, इसके आसपास आने पर सकारात्मक माहौल बन जाता है। आप कितने भी परेशान क्यों ना हों, आपको एक उम्मीद नजर आ जाती है। मान्यता है कि बीमार व्यक्ति अगर पेड़ पर एक सिक्का गाड़ देता है, तो वह जल्द अच्छा हो जाता है।
प्रेमी जोड़ों के बीच भी यह पेड़ काफी मशहूर है। यहां सुख-समृद्धि की कामना करने वालों के साथ-साथ प्रेमी जोड़े भी काफी आते हैं। प्रेमी जोड़े यहां पर अपने रिश्ते में मिठास बना रहे इसके लिए पेड़ पर सिक्का लगाते हैं और गिफ्ट्स भी रखकर जाते हैं।