माइक्रोसॉफ्ट ग्लोबल आउटेज:74 देशों में कामकाज ठप,पुलिस,कोर्ट, बैंक-एयरलाइन पर असर,कंपनी ने कहा- रिकवरी जारी है….
दुनिया भर में करोड़ों लोग और लाखों कंपनियां अपने रोजमर्रा के काम के लिए माइक्रोसॉफ्ट की ऑनलाइन सेवाओं पर निर्भर हैं। ऐसे में जब कंपनी की जरूरी सर्विस अचानक ठप हो जाएं, तो इसका असर सिर्फ ईमेल या ऑनलाइन मीटिंग तक सीमित नहीं रहता। माइक्रोसॉफ्ट के सिस्टम में आई तकनीकी खराबी ने कुछ ऐसा ही संकट खड़ा कर दिया। भारत समेत दुनिया के 74 देशों में सरकारी संस्थानों, बैंकों, अस्पतालों, स्कूलों और एयरलाइंस का कामकाज प्रभावित हुआ।हॉन्गकॉन्ग में बैंकिंग सेवा, ऑस्ट्रेलिया में खुफिया और पुलिस सर्विस के कामकाज में परेशानी आई।इधर, जापान में सरकारी सिस्टम और फिलीपींस में अदालतों का कामकाज प्रभावित हुआ। कई जगह स्कूलों, अस्पतालों का कामकाज ठप हो गया।माइक्रोसॉफ्ट के इस बड़े ग्लोबल आउटेज से आउटलुक, टीम्स, कोपायलट और माइक्रोसॉफ्ट 365 जैसी सेवाएं प्रभावित हुई थीं और अभी भी धीरे-धीरे इन्हें बहाल करने का काम चल रहा है।
इस आउटेज के कारण भारत में स्पाइसजेट को दिल्ली से उड़ान भरने वाली तीन फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों को एयरपोर्ट निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस चेक करने की सलाह दी।इंडिगो और अकासा एयर ने भी एडवाइजरी जारी की है। शुक्रवार सुबह स्पाइसजेट ने दिल्ली से उड़ान भरने वाली 3 फ्लाइट्स रद्द कर दीं, जबकि दरभंगा और मुंबई जाने वाली 2 फ्लाइट्स लेट हुईं।माइक्रोसॉफ्ट की कई जरूरी ऑनलाइन सेवाओं में परेशानी आई। इनमें ईमेल के लिए आउटलुक, ऑनलाइन मीटिंग और चैट के लिए टीम्स, फाइल शेयरिंग प्लेटफॉर्म शेयरपॉइंट ऑनलाइन और एआई टूल कोपायलट 365 शामिल हैं। इसके अलावा एक्सचेंज ऑनलाइन, माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर और प्लानर जैसी सेवाओं पर भी असर पड़ा है। इस वजह से यूजर्स को ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने, फाइल सेव करने और कंपनी के काम से जुड़ा डेटा एक्सेस करने में दिक्कत हुई।
आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, भारतीय समयानुसार गुरुवार, 12 नवंबर की रात करीब 9:45 बजे से सेवाओं में गड़बड़ी की शिकायतें आने लगी थीं। एक घंटे के भीतर इसका असर 74 देशों तक पहुंच गया।गुरुवार रात करीब 11:30 बजे तक दुनियाभर में आउटलुक से जुड़ी शिकायतें 1.40 लाख के पार पहुंच गईं। यह सामान्य स्तर से करीब 2,000 गुना ज्यादा था। इस दौरान ईमेल, मीटिंग और दूसरे डिजिटल कामों पर निर्भर यूजर्स को परेशानी हुई। फिलहाल आउटेज को शुरू हुए 24 घंटे से भी ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन कंपनी अब तक इसे ठीक नहीं कर पाई है।
दुनियाभर में माइक्रोसॉफ्ट की जरूरी ऑनलाइन सेवाएं ठप हैं। ईमेल भेजने, ऑनलाइन मीटिंग करने और क्लाउड पर फाइल सेव करने जैसे काम रुक गए हैं।वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, दुनियाभर से अकेले माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक न चल पाने की 1.40 लाख से ज्यादा शिकायत मिली हैं।माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से कहा गया है कि सिस्टम में खराबी सॉफ्टवेयर के गलत तरीके से अपडेट होने की वजह से आई,कंपनी इसे ठीक करने में जुटी है, लेकिन शुरुआती कोशिशें उम्मीद के मुताबिक सफल नहीं हुईं।अभी भी धीरे-धीरे इन्हें बहाल करने का काम चल रहा है।कंपनी ने अपने बयान में कहा, ‘ट्रैफिक धीरे-धीरे बहाल हो रहा है और ग्राहकों के लिए जरूरी सेवाओं में सुधार देखने को मिल रहा है, जैसे कि मेलबॉक्स तक पहुंच और ईमेल प्रोसेसिंग में हो रही देरी में सुधार। हालांकि, कुछ उपयोगकर्ताओं को अभी भी बीच-बीच में दिक्कतें आ सकती हैं।’सोशल मीडिया पर इस बात का दावा किया जा रहा था कि ये आउटेज किसी साइबर अटैक का नतीजा है, लेकिन कंपनी ने इन सभी दावों को खारिज कर दिया।माइक्रोसॉफ्ट ने ये भी कहा कि यह समस्या काफी हद तक जुलाई 2024 में हुई क्राइड स्ट्राइक की घटना जैसी ही है, जहां एक फॉल्टी अपडेट की वजह से परेशानी आई थी।
