आखिर कहां के राजा का शाही अंतिम संस्कार हुआ ? आखिर अंतिम संस्कार में कितने अरब रुपए खर्च हुए? जाने …

लालकिला पोस्ट डेस्क
दुनिया में इस समय थाईलैंड के राजा किंग पूमीपोन अदून्यदेत के अंतिम संस्कार की खबरें सुर्खियो में है। हालांकि उनकी मौत अक्टूबर 2016 में ही हो गई थी, लेकिन उनका शाही अंतिम संस्कार बैंकाक में अब हुआ है। आपको जानकर ये हैरानी होगी कि उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां पिछले एक साल से चल रही थीं।
महल परिसर में एक साल से रखे पार्थिव शरीर को बुधवार रात शैया से हटाया गया। इसके बाद गुरुवार को दरबार हाल से अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई और राजा का पार्थिव शरीर महल से बाहर लाया गया। जैसे ही राजा का शव पहुंचा, तो तोपों की सलामी दी गई। सेना और शाही परिवार से जुड़े लोगों के अलावा सभी लोग काली ड्रेस में थे।
आपको बता दें कि राजमहल से राजा के पार्थिव शरीर को सोने के रथ ग्रेट विक्ट्री से श्मशान घाट ले जाया गया। जिस रथ पर उनके पार्थिव शरीर को ले जाया गया, उसे करीब 222 साल पुराना बताया जा रहा है। दो किमी की दूरी तीन घंटे में पूरी हुई। दाह संस्कार के लिए 185 फीट ऊंचा सोने जैसा चमकता श्मशान बनाया गया। अंतिम संस्कार के लिए देश की मिलिट्री सरकार ने करीब 582 करोड़ रूपए की रकम भी जारी की थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये अब तक का सबसे महंगा अंतिम संस्कार है।
राजा किंग पूमीपोन अदून्यदेत ने करीब सात दशक तक थाईलैंड की राजगद्दी संभाली। इन्होंने अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए देश को संकट से उबारा। विकास के कार्यों के लिए सरकारों को दिशा-निर्देश देते रहे। राजा भूमिबल दो सौ साल पुराने चकरी राजवंश के 9वें राजा थे।