अगर आप ओला-उबर से चलते हैं तो वीकेंड पर बुरी तरह फंस सकते हैं……
अगर आप ओला, उबर या रैपिडो जैसे एैप का इस्तेमाल करके कैब से यात्रा करते हैं तो आने वाले शनिवार यानी 7 फरवरी को आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. इन कैब एग्रिगेटर्स के ड्राइवरों ने 4 फरवरी को यह घोषणा की है कि शनिवार को वे छह घंटे की हड़ताल करने वाले हैं.
किराया, कमीशन और कामकाजी हालात से संबंधित मांगों को लेकर ओला-उबर-रैपिडो समेत एैप आधारित कैब्स के ड्राइवर शनिवार यानी 7 फरवरी को छह घंटे की राष्ट्रव्यापी हड़ताल करने वाले हैं . यह हड़ताल सिर्फ दिल्ली-एनसीआर तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि देश के दूसरे बड़े शहरों में भी ऐप-आधारित कैब सेवाओं के पहिए शनिवार को छह घंटों के लिए थमने की आशंका है. इस हड़ताल की अगुवाई तेलंगाना गिग ऐंड प्लेटफॉर्म वर्कर्स यूनियन कर रही है.
इस हड़ताल के बारे में ड्राइवर यूनियनों ने घोषणा की है कि शनिवार को निर्धारित समय के दौरान वे ओला, उबर और रैपिडो प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन नहीं करेंगे. इस वजह से दिल्ली-एनसीआर समेत मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे जैसे महानगरों में यात्रियों को कैब सेवाएं मिलने में परेशानी हो सकती है.
हालांकि केंद्र सरकार भी इस पूरे विवाद पर नजर रखे हुए है और सरकार के स्तर पर यह कोशिश की जा रही है कि यह हड़ताल टल जाए. सरकारी अधिकारियों ने कहा है कि वे ड्राइवर यूनियनों और कंपनियों दोनों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं.
