सूरजकुंड मेले में बड़ा हादसा, टूटकर गिरा झूला; कई लोग घायल, एक की मौत….
फरीदाबाद: सूरजकुंड मेले में शनिवार को गेट गिरने और झूला टूटने से दो अलग-अलग हादसे हुए। यहां मेले के दौरान एक झूला अचानक टूटकर गिर गया। इस दौरान झूले की चपेट में आने से 13 लोग घायल बताए जा रहे हैं। झूला टूटने की वजह से मेले में अफरा-तफरी मच गई। वहीं लोगों को बचाने की कोशिश में इंस्पेक्टर रैंक के एक अधिकारी की भी मौत हो गई। मेले में ही हुई एक अन्य घटना में स्वागत द्वार गिरने की वजह से भी दो लोग घायल हो गए हैं। फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यहां सूरजकुंड मेले में हुए पहले हादसे में एक झूला टूटकर गिर गया। बताया जा रहा है कि सुनामी नाम का झुला गिरा है। वहीं झूला गिरने से 13 लोग घायल हुए हैं। इस दौरान लोगों को बचाते वक्त एक इंस्पेक्टर रैंक का अधिकारी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। फिलहाल मेले में घायल सभी लोगों को नजदीक के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना स्थल को बैरिकेट कर दिया है। इसके अलावा एक अन्य हादसे में गेट नम्बर 2 के पास का स्वागत द्वार गिरने से 2 लोग घायल हो गए हैं।
CM नायब सिंह सैनी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने लिखा, “फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले के दौरान हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायल हुए लोगों के समुचित एवं तत्काल उपचार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। हरियाणा सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ घायलों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान करने में जुटी है।”
