UPSC CSE 2025 Final Result: अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप…
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है|
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 की लिखित परीक्षा और इंटरव्यू (पर्सनैलिटी टेस्ट) के आधार पर अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने मेरिट के आधार पर कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है।इस बार अनुज अग्निहोत्री ने टॉप किया है। दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम हैं। वहीं, तीसरा स्थान एकांश ढुल ने हासिल किया है।
.अनुज अग्निहोत्री मूल रूप से राजस्थान के रावतभाटा इलाके के रहने वाले हैं। साधारण परिवार से आने वाले अनुज ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर देश की सबसे मुश्किल परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। उनके टॉपर बनने की खबर मिलते ही उनके घर और इलाके में खुशी का माहौल है और लोग उन्हें बधाई दे रहे हैं ।
अनुज की स्कूली शिक्षा रावतभाटा स्थित केंद्रीय विद्यालय से हुई। उन्होंने कक्षा 12 की परीक्षा में 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अच्छा प्रदर्शन किया।उनके पिता राजस्थान परमाणु बिजली परियोजना की यूनिट 1 और 2 में कार्य करते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। पढ़ाई के अलावा अनुज को खेलकूद में भी दिलचस्पी है और उन्हें खासतौर पर टेबल टेनिस खेलना पसंद है।
उन्होंने जोधपुर AIIMS से MBBS की पढ़ाई पूरी की और साल 2023 में डॉक्टर बने। डॉक्टर बनने के बाद भी उनके मन में समाज के लिए बड़े स्तर पर काम करने की इच्छा थी। इसी वजह से उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की और पूरी मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे।यूपीएससी के पिछले प्रयास में अनुज का चयन DANICS सेवा में हो गया था और वे उसी सेवा में काम भी कर रहे थे।
