बिहार के 24वें मुख्यमंत्री बने सम्राट चौधरी, जदयू से दो डिप्टी सीएम; किसने क्या कहा….
बिहार को 20 साल बाद आज नया सीएम मिला। सम्राट चौधरी 10.50 बजे सीएम पद की शपथ ली। वे भाजपा के पहले और राज्य के 24 वें मुख्यमंत्री हैं। उनके अलावा दो डिप्टी सीएम (बिजेंद्र यादव और विजय चौधरी) ने भी मंत्री पद की शपथ ली। बिहार में हो रहे इस बड़े पॉवर ट्रांसफर का गवाह बनने के लिए जेपी नड्डा समेत NDA के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे। शपथग्रहण समारोह के लिए लोकभवन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। अब नेताओं के लगातार रिएक्शन सामने आ रहे हैं और राजनीतिक हलचल तेज है। इस अवसर पर पीएम मोदी ने प्लेटफॉर्म एक्स पर बिहार के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्रियों बधाई दी।
पीएम मोदी ने X पर लिखते हुए कहाः
”बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर सम्राट चौधरी जी को बहुत-बहुत बधाई और ढेरों शुभकामनाएं! उनकी ऊर्जा, जनसेवा के प्रति समर्पण और जमीनी अनुभव राज्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होने वाला है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में जनता-जनार्दन की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए बिहार चौतरफा विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।”
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी ने कहा, “कभी-कभी ईश्वर की कृपा होती है। हमने पूरी लड़ाई लड़ी, लेकिन सफलता नहीं मिली। आज अमित शाह, नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार की कृपा से ये पद मिला है।”
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सीएमओ में पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्य सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की। आगामी सरकार के कामकाज को लेकर दिशा निर्देश दिया।
