टेकऑफ के दौरान स्विस एयर विमान के इंजन में आग, छह यात्री घायल….
दिल्ली में शनिवार दे रात आईजीआई एयरपोर्ट पर हादसा हो गया। रात में स्विस एयर की उड़ान संख्या एल एक्स147 जब विमान दिल्ली से ज्यूरिख के लिए उड़ान भरने वाला था, तब टेक-ऑफ के दौरान विमान के इंजन नंबर 1 में तकनीकी खराबी आई और आग लग गई। उस समय विमान की गति लगभग 104 नोट्स थी।पायलट ने तुरंत टेक-ऑफ रद कर दिया और विमान को रनवे पर ही रोक दिया। विमान में सवार 232 यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रनवे 28 को काफी देर तक बंद रखना पड़ा, जिससे अन्य उड़ानों पर भी असर पड़ा। हालांकि, सबसे राहत की बात यह रही कि विमान में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इमरजेंसी स्लाइड्स का इस्तेमाल कर 232 यात्रियों और 13 क्रू मेंबर को जल्दी और सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 लोग घायल भी हो गए।जिन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाल ही में दिल्ली एयरपोर्ट पर एक और घटना सामने आई थी, जब अकासा एयर और स्पाइसजेट के दो विमानों के पंख आपस में टकरा गए थे। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एयरपोर्ट सुरक्षा और विमानन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
