ट्रंप पर हमला: अस्थायी कमरे में हथियार तैयार कर मचाया तांडव….
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप पर हमले की खबर सामने आई है। दरअसल, व्हाइट हाउस कॉरस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान एक हमलावर ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। वॉशिंगटन के ‘वॉशिंगटन हिल्टन’ होटल में शनिवार की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर के दौरान बैंकट हॉल के भीतर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाना बनाकर किए गए इस हमले के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस के एजेंटों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के करीब एक घंटे बाद, राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद ‘ट्रुथ सोशल’ पर हमलावर की गिरफ्तारी की पुष्टि की और सीसीटीवी फुटेज साझा किए।
व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर (WHCD) के दौरान हुई गोलीबारी को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। एक स्वयंसेवक (वॉलंटियर) ने बताया कि हमलावर ने कार्यक्रम स्थल के भीतर ही एक अस्थायी कमरे (मेकशिफ्ट रूम) में लंबा हथियार (राइफल जैसा) जोड़ा और फिर बॉलरूम की ओर तेजी से बढ़ा।चश्मदीद के मुताबिक, हमलावर ने बिना सोचे-समझे हर दिशा में गोलियां चलानी शुरू कर दीं।वॉलंटियर के मुताबिक, शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि क्या हो रहा है, लेकिन कुछ ही क्षणों में हालात बदल गए। उसने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति ने अलग-अलग हिस्सों में हथियार अंदर लाया और फिर मौके पर उसे जोड़कर तैयार किया। इसके बाद वह सीधे उस बॉलरूम की ओर भागा, जहां बड़ी संख्या में मेहमान और वीआईपी मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, हमलावर की पहचान कैलिफोर्निया के टोरेंस निवासी कोल टॉमस एलन के रूप में हुई है। एलन ने वाशिंगटन हिल्टन होटल में प्रवेश किया और सीधे उस बॉलरूम की ओर बढ़ा जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और लगभग 2,500 प्रतिष्ठित मेहमान मौजूद थे।डिस्ट्रिक्ट ऑफ कोलंबिया की अमेरिकी अटॉर्नी जीनिन पिरो ने संवाददाताओं को बताया कि संदिग्ध पर ‘हिंसक अपराध के दौरान हथियार का इस्तेमाल’ और ‘एक संघीय अधिकारी पर खतरनाक हथियार से हमला’ करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है।
