धर्म पूछा, कलमा पढ़ने को कहा, फिर चाकुओं से गोदा:मुंबई में गार्ड्स पर हमला…
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मीरा रोड से आई यह सनसनीखेज वारदात अब सिर्फ एक आपराधिक घटना नहीं रह गई, बल्कि इसे लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार तड़के दो सुरक्षा गार्डों पर हुआ बेरहम चाकू हमला उस वक्त और खौफनाक हो गया, जब दावा सामने आया कि हमलावर ने पहले उनका धर्म पूछा और कलमा पढ़ने का दबाव बनाया। मना करते ही दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए गए।आरोपी की पहचान 31 साल के जैब जुबेर अंसारी के रूप में की गई है। घटना सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, एक अंडर कंस्ट्रक्शन बिल्डिंग के पास दो सिक्योरिटी गार्ड, राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो रमेश सेन ड्यूटी पर तैनात थे। आरोपी पहले इलाके में आया और मस्जिद का रास्ता पूछा। कुछ समय बाद वह दोबारा लौटा।उसने एक गार्ड से धर्म पूछने के बाद अचानक चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद वह केबिन में घुसा और दूसरे गार्ड से कलमा पढ़ने को कहा। जब गार्ड ऐसा नहीं कर पाया, तो उस पर भी हमला कर दिया गया।दोनों घायल गार्डों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस मामले में धर्म और कलमा पढ़ने की बात सामने आने के साथ ही इस पूरी घटना को पहलगाम आतंकी हमले की तरह बताया जाने लगा है, जिसने मामले को और संवेदनशील बना दिया है। हालांकि मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए 31 वर्षीय आरोपी जैब जुबैर अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन यह घटना कानून-व्यवस्था, साम्प्रदायिक सौहार्द और सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर रही है। महाराष्ट्र ATS ने उसके घर से ISIS से जुड़े नोट्स, एक लैपटॉप और कुरान की 3 कॉपियां बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी ने हमला अकेले प्लान किया था।
महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि यह मामला आत्म-उग्रवादीकरण (सेल्फ-रैडिकलाइजेशन) का लगता है। CM के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कट्टरपंथी बन गया था और जिहाद के नाम पर हिंदुओं पर हमला करना चाहता था। मामले की जांच फिलहाल महाराष्ट्र एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) और NIA कर रही है।
