दिल्ली-NCR में बदला मौसम: कई इलाकों में बारिश,हरियाणा-उत्तराखंड में ओले गिरे,नौतपा के बीच मिली गर्मी से राहत…
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को मौसम ने शाम होते ही अचानक करवट ले लिया। राजधानी और इससे सटे कई शहरों में बारिश हुई। लोगों की दिनभर की भीषण गर्मी से राहत मिली। बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। विभाग ने दिल्ली में मध्यम से गंभीर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के इस बदलाव को देखते हुए सतर्क रहें, बिजली गिरने के समय सुरक्षित जगह पर रहें और छाते-रेनकोट साथ रखें।मौसम विभाग ने 8:30 बजे तक के लिए गरज चमक के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
हरियाणा के गुरुग्राम, रेवाड़ी और सिरसा समेत 8 जिलों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। हरियाणा के फतेहाबाद में तेज आंधी के कारण मोबाइल टावर टूट कर लटक गया।इसके अलावा मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हुई है। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में तेज आंधी से पेड़ उखड़कर कार पर गिरा। रायपुर में भी तेज आंधी चली और बारिश भी हुई है। पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भी तेज बारिश हुई। पिथौरागढ़ में अंडे के साइज के ओले गिरे।मौसम विभाग के मुताबिक देश के 15 से ज्यादा राज्यों में शुक्रवार से गर्मी से राहत मिलने वाली है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, यूपी में अगले 3 दिन बारिश हो सकती है।आईएमडी के मुताबिक, बारिश के दौरान हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी, जबकि कुछ स्थानों पर हवा के झोंके 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। मौसम विभाग का कहना है कि रातभर गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
देश के 80-90% हिस्से में 29 मई से 5 जून तक प्री-मानसून बारिश हो सकती है। यह बारिश इसलिए अहम है, क्योंकि मानसून अभी केरल नहीं पहुंचा है। यहां 14 तय स्टेशनों में लगातार दो दिन 2.5 mm बारिश होने पर मानसून पहुंचने का ऐलान किया जाता है।मौसम विभाग ने 26 मई को मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया था, लेकिन यहां नमी कमजोर होने से मानसून आगे नहीं बढ़ पाया है। वहीं, दक्षिण-मध्य अरब सागर में चक्रवाती सर्कुलेशन से भी बादल कमजोर हुए हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें दिल्ली इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मौसम संबंधी दिक्कतों को लेकर सूचना जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि दिल्ली में खराब मौसम और संभावित गरज-चमक के कारण, एयरपोर्ट पर कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। हमारी ग्राउंड टीमें सभी हितधारकों के साथ मिलकर यात्रियों की सुगम और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए तत्परता से काम कर रही हैं।एडवाइजरी में आगे कहा गया, ”यात्रियों से आग्रह है कि वे उड़ान संबंधी ताजा अपडेट के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। यात्री संभावित देरी से बचने के लिए एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो सहित ट्रांसपोर्ट के वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल कर सकते हैं।”
