चूरू में तेज आंधी,राजस्थान के 5 जिलों में रेत के कारण आसमान हुआ पीला,सरकार ने लोगों के मोबाइल पर भेजा मौसम का अलर्ट…
राजस्थान के 5 जिलों श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर में शनिवार दोपहर रेतीला तूफान आया है। इसके कारण करीब 200 वर्ग किलोमीटर के एरिया प्रभावित हुआ। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर के रेतीले तूफान की शुरुआत हुई।इस दौरान 60 से 80 kmph की रफ्तार से आंधी चली। रेतीले तूफान के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। तूफान के कारण दिन में लोगों को वाहनों की हेडलाइट जलानी पड़ गई। इसके कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें लोग भागकर घरों में जाते दिखे और घरों को बंद कर लिया।हालांकि, आंधी का असर कम होने के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों ने गर्मी और लू से राहत की सांस ली। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मौसम के इस बदलाव को राहतभरा माना गया।स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसा रेतीला तूफान पहले कभी नहीं देखा। धूल का गुबार 80-100 फीट ऊंचा था। इधर तूफान के असर से कई पेड़ उखड़ गए, लाइट पोल टूट गए। फिलहाल किसी की मौत की जानकारी सामने नहीं आई है। दरअसल पाकिस्तान से उठे तूफान का असर राजस्थान के बॉर्डर वाले जिलों पर हुआ है।
उधर, मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में मौसम के और अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में तेज आंधी चलने की आशंका है। इसके अलावा कुछ इलाकों में गरज-चमक, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना व्यक्त की गई है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।भारत के कई हिस्सों में अचानक ही लोगों के फोन में एक इमरजेंसी अलर्ट बज उठा। फोन से अचानक जोरदार सायरन बजने लगा और साथ ही मौसम से जुड़ी आपातकालीन चेतावनी भी आई। चेतावनी में तूफान, बिजली गिरने, भारी बारिश और तेज हवाओं के बारे में आगाह किया गया था।
