बेंगलुरु लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन,जीता अपना दूसरा IPL खिताब,पांच विकेट से जीता फाइनल…
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।यह लगातार दूसरा साल है जब RCB ने इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीता है।आईपीएल के इतिहास में RCB ऐसी केवल तीसरी टीम बन गई है, जिसने लगातार 2 सीजन आईपीएल की ट्रॉफी जीती है।
रविवार को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 155 रन बनाए। गुजरात के लिए वाशिंगटन सुंदर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद अर्धशतक जड़ा और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। 156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत संतुलित रही। अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए अर्धशतक लगाया और टीम की जीत की नींव रखी। आरसीबी ने 18 ओवर में पांच विकेट खोकर 161 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस के साथ सबसे बड़ी समस्या यही रही कि शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर के जल्दी आउट होने पर पूरी टीम फ्लॉप हो जाती है। फाइनल में भी कुछ ऐसा ही हुआ, क्योंकि शुभमन गिल (10 रन), साई सुदर्शन (12 रन) और जोस बटलर (19) जल्दी आउट हो गए।वाशिंगटन सुंदर ने 50 रनों की पारी खेल, जैसे-तैसे गुजरात का स्कोर 155 रनों तक पहुंचाया था। बेंगलुरू की ओर से रसिख डार सलाम ने कहर बरपाते हुए सबसे अधिक 3 विकेट चटकाए।
156 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को वेंकटेश अय्यर और विराट कोहली ने तूफानी शुरुआत दिलाई। पावरप्ले में ही बेंगलुरू 70 रन बना चुकी थी। अय्यर ने 16 गेंद में 32 रन बनाए। टिम डेविड ने 24 रन और रजत पाटीदार ने 15 रनों का छोटा योगदान दिया। मगर बेंगलुरू की जीत के हीरो विराट कोहली रहे, जिन्होंने 42 गेंद में नाबाद 75 रनों की पारी खेली। RCB के लिए विनिंग शॉट भी विराट ने ही लगाया। विराट कोहली ने फाइनल में विजयी छक्का लगाकर RCB को लगातार दूसरे IPL खिताब जिताया।
