महंगाई का एक और झटका,घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी…
आम उपभोक्ताओं को महंगाई का एक और झटका देते हुए सरकार ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलिंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है।नई दरों के अनुसार, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू एलपीजी सिलिंडर अब 913 रुपये के बजाय 942 रुपये में मिलेगा। संशोधित कीमतें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।पश्चिम एशिया में ईरान-अमेरिका के बीच संघर्ष और तनाव की वजह से भारत में एक बार फिर से घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। भारत सरकार ने रविवार (7 जून, 2026) को घरेलू सिलेंडर के दामों में 29 रुपये प्रति सिलेंडर का इजाफा किया है, जिसका बोझ सीधे तौर पर देश की आम जनता की जेब को व्यापक रूप से प्रभावित कर रहा है। 28 फरवरी, 2026 से अमेरिका और ईरान के बीच शुरू हुई जंग के बाद से यह दूसरी बार है जब सरकार ने घरेलू सिलेंडरों के दाम बढ़ाए हैं।इससे पहले मार्च महीने में सरकार ने घरेलू सिलेंडरों के कीमत में 60 रुपये की बढ़ोत्तरी की थी।तीन महीनों में घरेलू सिलेंडरों के दामों में कुल 89 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है।
नई दरों के अनुसार राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 29 रुपये बढ़कर पहले की तुलना में अधिक हो गई है। इसी तरह मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, लखनऊ, पटना, जयपुर और अन्य प्रमुख शहरों में भी गैस सिलेंडर के दाम बढ़े हैं। कीमतों में यह वृद्धि ऐसे समय हुई है जब पहले से ही खाद्य पदार्थों, बिजली, परिवहन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की लागत बढ़ रही है। रसोई गैस हर परिवार की दैनिक जरूरत का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए इसकी कीमत में मामूली वृद्धि भी सीधे तौर पर घर के मासिक खर्च को प्रभावित करती है।आम उपभोक्ताओं के लिए यह बढ़ोतरी घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डालने वाली साबित हो रही है।
