सूरत में बड़ा हादसा,सेप्टिक टैंक की सफाई करने उतरे 4 मजदूरों की जहरीली गैस से मौत…
गुजरात के सूरत शहर में एक आभूषण निर्माण इकाई में रविवार सुबह सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस के चलते चार लोगों की मौत हो गई।जहरीली गैस के कारण सभी बेहोश हो गए। उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, वहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने कहा कि घटना खंड बाजार इलाके की है।मजदूरों के पास सुरक्षा उपकरण नहीं थे। मरने वालों में निमेश विट्ठलभाई सावलिया (26), विकास कुमार संतोषभाई सोनावणे (24), विजय भीखाभाई अहिरे (24), योगेश नानाभाई जाधव शामिल हैं।
पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि मौत का प्राथमिक कारण दम घुटना प्रतीत होता है, हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस उपायुक्त के अनुसार, रविवार सुबह एक सुपरवाइजर और तीन मजदूर टैंक में उतरे थे। जहरीली गैस के प्रभाव से वे बेहोश हो गए और चारों की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम यह जांच कर रहे हैं कि इस घटना के लिए किसकी लापरवाही जिम्मेदार है, क्योंकि प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि सुरक्षा संबंधी मानकों का पालन नहीं किया गया था। मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।”अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान चलाया। दमकलकर्मियों ने चारों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया जा रहा है। हम सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण करेंगे ताकि यह पता लगाया जा सके कि कौन-कौन से सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू होने चाहिए थे और वास्तव में क्या व्यवस्था की गई थी। इसके बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी।’’
