विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा:1600°C पर पिघला हुआ गर्म लोहा मजदूरों के जिस्म पर गिरा, आठ श्रमिकों की मौत,कई घायल…
विशाखापट्ट्नम स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है जहां पिघला हुआ स्टील लीक होने से 8 लोगों की मौत हो गई।इस हादसे में कई मजदूर घायल भी हुए हैं। यह हादसा अत्यधिक तापमान पर पिघले हुए इस्पात से भरी एक करछुल में विस्फोट के कारण हुई। हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। स्टील प्लांट के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच कर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रहे हैं।यह दुर्घटना एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट फैसिलिटी में हुई।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस घटना में साइट पर मौजूद कई कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए हैं। रिसाव के बाद आग लगने से कुछ कर्मचारियों के यूनिट के अंदर फंसे होने की आशंका है। फायर और इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और आग बुझाने व बचाव कार्य में जुटी हैं। घायल और फंसे हुए कर्मचारियों की सही संख्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।राज्य की गृह मंत्री वंगलापुडी अनीता ने विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए हादसे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जिला कलेक्टर और शहर के पुलिस कमिश्नर से फोन पर बात की और स्टील प्लांट हादसे से जुड़ी जानकारी ली। गृह मंत्री के पीआरओ (PRO) के मुताबिक उन्होंने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने और दुर्घटना स्थल पर बचाव और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। घटना की जानकारी मिलते ही गृह मंत्री तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचीं और लगातार अधिकारियों से फोन पर बात करते हुए उन्हें कई निर्देश दे रही हैं।
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर दुख और शोक जताया है। उन्होंने घटना स्थल पर मौजूद अधिकारियों से सीधे फोन पर बात की और लोगों की मौत पर अपनी संवेदना व्यक्त की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को वहां के मौजूदा हालातों और चल रहे राहत कार्य की जानकारी दी। सीएम ने सभी सरकारी विभागों को मिलकर काम करने का निर्देश दिया है, ताकि बचाव और राहत का काम तेजी और सही तरीके से पूरा किया जा सके।
