लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे अगले सेना प्रमुख,जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे…
भारत सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगला सेना प्रमुख नियुक्त किया है।रक्षा मंत्रालय ने देश के नए थल सेनाध्यक्ष यानी चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। मंत्रालय की तरफ से जारी आदेश में बताया गया कि राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को अगला सेना प्रमुख नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। अब वह जनरल पद पर अपनी सेवाएं देंगे।धीरज सेठ 30 जून 2026 को कार्यभार संभालेंगे।वह वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे।जिनका कार्यकाल 30 जून को खत्म होगा।उसी दिन सेठ भारत के 31वें आर्मी चीफ का पद संभालेंगे।उनका कार्यकाल 31 अगस्त 2028 तक रहेगा। वे अभी उप सेना प्रमुख के पद पर हैं। उन्होंने दो महीने पहले, 1 अप्रैल को यह पद संभाला था। उप सेना प्रमुख भारतीय सेना के दूसरे सबसे बड़े अधिकारी होते हैं।
दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन पाने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना में लगभग चार दशक का अनुभव है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी इलाकों समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं।धीरज सेठ दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) रह चुके हैं। वे उन चुनिंदा अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर दो प्रमुख ऑपरेशनल कमानों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा उन्होंने अंगोला में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन, सेना मुख्यालय और सेना के क्षमता विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण पदों पर भी सेवा दी है।लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ ने दुश्मन की सीमा में घुसकर हमला करने वाली स्ट्राइक कोर के कमांडर के तौर पर अपनी सेवाएं दी हैं। खास बात है कि करीब तीन दशक बाद, सरकार ने किसी आर्मर्ड कोर यानी टैंक अधिकारी को थलसेना की कमान सौंपी है।भोपाल स्थित सुदर्शन चक्र कोर के कमांडर के पद पर रहने के अलावा, लेफ्टिनेंट जनरल सेठ, सेना की दक्षिणी कमान और पश्चिम-दक्षिणी कमान के कमांडर के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। ये दोनों कोर, पंजाब के बठिंडा से लेकर गुजरात के कच्छ तक सटी पाकिस्तानी सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालती हैं।
धीरज सेठ सेना के बैकग्राउंड वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण मोहन सेठ भारतीय सेना में एडजुटेंट जनरल के पद से 1997 में रिटायर हुए थे।जनरल कृष्ण मोहन सेठ ने सेना की दो बड़ी और अहम टुकड़ियों XXI स्ट्राइक कोर और III कोर की कमान भी संभाली थी।धीरज सेठ खेलों में भी गहरी रुचि रखते हैं। उन्हें टेनिस और गोल्फ खेलना पसंद है। उनकी पत्नी का नाम कोमल सेठ है।
