दिल्ली में पांच मंजिला मकान ढहा: मलबे में दबकर एक की मौत और दो घायल, 5 से 10 लोगों के दबे होने की आशंका…
राजधानी में मंगलवार से रह-रहकर हो रही बारिश के बीच बुधवार शाम रोहिणी में एक पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत जमींदोज हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।दिल्ली के रोहिणी सेक्टर सेक्टर-16 स्थित पॉकेट जी-5 एमसीडी स्कूल के पीछे निर्माणाधीन बिल्डिंग अचानक जमींदोज हो गई। हादसे में एक की मौत की खबर है। वह राहगीर बताया जा रहा है। इसमें कई लोगों के दबे होने की आशंका है।एल-शेप कोने की इमारत का मलबा सड़क पर आ गिरा। वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार मलबे की चपेट में आ गया, जबकि रोड पर खड़ी कई गाड़ियां भी मलबे की चपेट में आ गईं। अफरा-तफरी के बीच फौरन पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई। हादसे के समय इमारत में कई मजदूर काम कर रहे थे। वह मलबे में दब गए। कुछ ही देर बाद पुलिस व दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव का काम शुरू हुआ। मलबे से निकालकर बाइक सवार व दो मजदूरों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया।जहां बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया गया जबकि बाकी दो मजदूरों का उपचार जारी है।
दमकल विभाग के अनुसार मलवे से दो लोगों को निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया है जबकि आशंका जताई जा रही है कि मलबे के नीचे कुछ लोग और फंसे हो सकते हैं। इनकी संख्या 5 से 10 हो बताई जाती है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बहरहाल प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और राहत और बचाव कार्य जारी है।
