पंजाब के पूर्व डिप्टी-CM सुखबीर बादल पर नांदेड़ गुरुद्वारे में हमला,निहंग ने कृपाण मारी,बचाने की कोशिश में PSO भी घायल….
महाराष्ट्र के नांदेड में शिरोमणी अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल पर गुरुवार (13 अगस्त) को महाराष्ट्र के नांदेड़ में कृपाण से हमला हुआ।घटना ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई।सुखबीर बादल के साथ तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल स्थिति संभाली और हमलावर को काबू कर लिया। इसके बाद सुखबीर बादल को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। इस मामले में पुलिस ने मौके से ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। उसकी उम्र 62 साल है।वह मूल रूप से पुणे का रहने वाला है और पुणे की अदालत में वकील रह चुका है।जानकारी के मुताबिक, जसपाल सिंह पिछले करीब दो सालों से नांदेड के पास मुगट स्थित माता साहिब गुरुद्वारा में सेवा कर रहा था। आज सुखबीर सिंह बादल माता साहिब गुरुद्वारा से दर्शन के बाद बाहर निकल रहे थे, तभी जसपाल सिंह ने उन पर हमला किया।हमले के पीछे क्या कारण था इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस घटना के पूरे क्रम की जानकारी जुटा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमलावर किस उद्देश्य से वहां पहुंचा था और उसने सुखबीर बादल को निशाना क्यों बनाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सुखबीर बादल के हाथ में चोट लगी है और उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय उनके परिवार के सदस्य भी उनके साथ मौजूद थे। हमले के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।जानकारी के अनुसार सुखबीर सिंह बादल गुरुद्वारा साहिब से बाहर जाने के लिए अपनी गाड़ी की तरफ बढ़ रहे थे, इसी दौरान एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।पुलिस ने जानकारी देते हुए एक बयान जारी किया, जिसमें बताया गया कि सुखबीर सिंह बादल पर जसपाल सिंह ने गुरुद्वारा माता साहिब कौर जी में हमला किया। इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे ने बादल को बचाने की कोशिश की लेकिन वो भी घायल हो गए और दोनों के हाथों में चोटें आईं। दोनों घायलों को यशो साई अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल से फोन पर बातचीत के दौरान उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने पुलिस को हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने और मामले की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं।वहीं इस हमले पर अकाली दल के नेता दलजीत चीमा ने मांग की कि CBI से या फिर कोर्ट की निगरानी में जांच हो। चीमा ने कहा कि इस हमले के पीछे कौन साजिशकर्ता है और क्या साजिश है, उसका पता चलना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी अकाली दल मजबूत होता है, पार्टी के नेता को ऐसे ही खत्म करने की कोशिश की जाती है। चीमा ने कहा कि पहले भी दिसंबर 2024 में हमला हुआ था। अगर पिछली बार पुलिस सही काम कर देती तो आज शायद ये हमला नहीं होता। ये बड़ा सिक्योरिटी फेलियर है।
सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के बाहर भी जानलेवा हमला किया गया था। उस समय वह अकाल तख्त साहिब की ओर से सुनाई गई धार्मिक सजा के तहत सेवादार की सेवा कर रहे थे।वह व्हीलचेयर पर बैठकर हाथ में बरछी लेकर पहरेदारी कर रहे थे। इसी दौरान नारायण सिंह चौरा नामक व्यक्ति ने उन पर गोली चलाने की कोशिश की थी। हालांकि, वह इस हमले में बाल-बाल बच गए थे और मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को तुरंत पकड़ लिया था।
