Asian Games 2026:-भारत को कबड्डी में दो गोल्ड,शॉट पुट, निशानेबाजी और एथलेटिक्स में भी पदक,7वें दिन भारत ने जीते 7 मेडल…
जापान के आईची-नागोया में जारी एशियाई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत ने शनिवार को दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य समेत कुल सात पदक अपने नाम किए।इन पदकों के साथ भारत की पदक संख्या 30 हो गई है, जिसमें चार स्वर्ण पदक शामिल हैं। भारत पदक तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गया है। भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की शुरुआत कबड्डी से हुई।भारत ने शनिवार को एशियन गेम्स में कबड्डी के दोनों गोल्ड जीत लिए। महिला टीम ने ईरान को 37-34 और पुरुष टीम ने 40-34 से हराया। पुरुष टीम ने लगातार 10वीं और महिला टीम ने लगातार 5वीं बार मेडल जीता।दोनों टीमों ने दबाव भरे मुकाबलों में शानदार संयम दिखाते हुए भारत के पदक खाते में दो और स्वर्ण जोड़े।
वहीं, कबड्डी के अलावा निशानेबाजी में भी भारत को पदक मिला। महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम स्पर्धा में तिलोत्तमा सेन, विदर्शा विनोद और आशी चौकसे की भारतीय तिकड़ी ने रजत पदक हासिल किया।एथलेटिक्स में तजिंदरपाल सिंह तूर और सावन बरवाल ने सिल्वर, जबकि महिलाओं की 400 मीटर स्पर्धा में प्राची ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक अपने नाम किया।सावन बरवाल ने पुरुष मैराथन में 2 घंटे 11 मिनट 37 सेकंड के समय के साथ सिल्वर जीता और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। एशियन गेम्स की पुरुष मैराथन में भारत को 44 साल बाद मेडल मिला। इससे पहले 1982 के दिल्ली एशियाड में भारत ने ब्रॉन्ज जीता था। मैराथन 42 किलोमीटर की रेस होती है।स्क्वॉश में अनाहत सिंह और अभय सिंह फाइनल में पहुंचे, जबकि पुरुष हॉकी टीम सेमीफाइनल में पहुंची।
