“कप्तानी का अध्याय खत्म, लेकिन सफर जारी है।”:-हरमनप्रीत कौर…
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने मंगलवार को भारतीय टीम की तीनों फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का एलान किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। यह फैसला एक दिन पहले गुवाहाटी में हुई BCCI की मीटिंग के बाद आया है।बैठक में हरमनप्रीत, उपकप्तान स्मृति मंधाना और कोच अमोल मजूमदार शामिल हुए थे। टीम के भविष्य और कप्तानी को लेकर भी चर्चा हुई। हरमनप्रीत के बाद स्मृति मंधाना को अगला कप्तान बनाया जा सकता है।हरमनप्रीत कौर ने मिताली राज के बाद टीम की कप्तानी संभाली थी और भारत को पिछले साल पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब दिलाया था। उनकी कप्तानी में भारत ने तीनों फॉर्मेट में शानदार सफलता हासिल की है।
उन्होंने लिखा, “आज, मैं तीनों फॉर्मेट में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तानी से इस्तीफा देती हूं। यह आसान फैसला नहीं रहा है। इसमें वो सारी यादें, पल, भावनाएं और बलिदान हैं जो जीवन भर मेरे साथ रहेंगे। मेरे पास जो था वो मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट को दिया है- मेरा खून, मेरा पसीना, मेरा समय, कई बार, मेरे खेल का हिस्सा और मेरी जिंदगी का लक्ष्य। कई ऐसे पल आए जब मैंने अपनी निजी उपलब्धियों, निजी ग्रोथ, जो मैं अपने लिए चाहती थी उसे अलग रखा क्योंकि मेरा मानना था कि टीम पहले आती है। कप्तानी के दौरान कई बार मुश्किल फैसले लिए, ऐसे फैसले जिन्हें हर बार समझा नहीं गया। मेरा मकसद सिर्फ टीम की बेहतरी था।एक कप्तान के तौर पर मुझे मुश्किल फैसले लेने पड़े। वो फैसले जिन्हें हर बार समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे और कई बार व्यक्तिगत नुकसान का कारण बने, लेकिन मैंने हर फैसला एक ही मंशा से लिया- टीम को बेहतर बनाने और दूसरी खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देने के लिए, उनमें विश्वास दिखाया और उनको उनका सर्वश्रेष्ठ रूप दिया।भले ही मैं भावुक होते हुए कप्तानी छोड़ रही हूं, लेकिन अंदर से शांत महसूस कर रही हूं।” हरमनप्रीत ने लिखा कि उन्होंने अपना काम किया। अपनी पोस्ट में उन्होंने टीम की साथी खिलाड़ियों, कोच, सपोर्ट स्टाफ, मैनेजमेंट, बीसीसीआई और अपने परिवार को शुक्रिया कहा। पोस्ट के अंत में हरमनप्रीत ने लिखा, “कप्तानी का अध्याय खत्म, लेकिन सफर जारी है।”
हरमनप्रीत ने भारत के लिए 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे से इंटरनेशनल डेब्यू किया था। 37 साल की हरमनप्रीत के नाम कई रिकॉर्ड हैं। इनमें बतौर कप्तान भारत को पहला महिला वर्ल्ड कप जिताना शामिल है। उनकी कप्तानी में टीम ने 2012, 2016, 2022 और 2026 एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया। 2012 एशिया कप में हरमनप्रीत ने सिर्फ फाइनल में कप्तानी की थी। बाकी मैचों में मिताली राज ने टीम की कमान संभाली थी।हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में लगातार दो गोल्ड मेडल जीते हैं। भारत ने 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में श्रीलंका को हराकर पहला गोल्ड जीता था। इसके बाद 2026 नागोया एशियन गेम्स में भी टीम ने श्रीलंका को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
हरमनप्रीत कौर के रिकॉर्ड, उपलब्धियां और सम्मान
- भारत ने 2025 में पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप जीता। हरमनप्रीत वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला कप्तान बनीं।
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2017 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में नाबाद 171 रन की पारी खेली। यह महिला वर्ल्ड कप की यादगार पारियों में शामिल है।
- 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 इंटरनेशनल में शतक लगाया। ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं।
- हरमनप्रीत 200 इंटरनेशनल टी-20 मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर हैं।
- फरवरी 2026 में महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली खिलाड़ी बनीं। उन्होंने 382 मैच खेले हैं।
- 150 T20I में कप्तानी करने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर। सितंबर 2026 में रिकॉर्ड बनाया।
- 2017 में उन्हें क्रिकेट के लिए अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
- 2026 में देश के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
