दिल्ली के सीमापुरी में चार मंजिला इमारत भरभराकर गिरा,रेस्क्यू टीमें बचाव कार्य में जुटीं…
दिल्ली के शाहदरा जिले के सीमापुरी थाना क्षेत्र में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। इदगाह मच्छी मंडी के पास एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इमारत के गिरने से आसपास के दो से तीन मकान भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।मकान में करीब 30 लोग रहते थे, जिनमें अधिकतर किरायेदार हैं। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि 10 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक मलबे से दस लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। इनमें तीन साल का बच्चा, मकान मालिक की पत्नी और किरायेदार शामिल हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि मंगलवार रात उत्तराखंड में आए भूकंप के कारण दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में महसूस किए गए झटकों के बाद इमारत में दरारें आ गई थीं। हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि इमारत गिरने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही पता चलेगा।दिल्ली यातायात पुलिस ने परामर्श जारी कर लोगों से सीमापुरी इलाके में जाने से बचने को कहा है। सीमापुरी गोल चक्कर, डीएलएफ भोपुरा और आसपास की सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है।पुलिस ने लोगों से घटनास्थल के पास रुकने, वाहन खड़े करने या भीड़ जमा करने से बचने की अपील की है। उसने कहा कि रास्ते खुले रखने से एंबुलेंस और बचाव वाहनों को तेजी से आने-जाने में मदद मिलेगी।
शाहदरा के पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि कुछ लोगों को बचाकर अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा, “यह 225 वर्ग फुट क्षेत्र में बनी चार मंजिला इमारत है। कुछ लोगों को बचाकर अस्पताल भेजा गया है, लेकिन हमें आशंका है कि दो-तीन लोग अभी भी मलबे में फंसे हैं। बचाव अभियान जारी है।”अधिकारियों को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी और लोग दबे हो सकते हैं।
