2026 के केमिस्ट्री नोबेल का ऐलान, फ्रांस-जापान के वैज्ञानिकों हेनरी कागन, केन्सो सोआई को मिला सम्मान…
2026 का केमिस्ट्री नोबेल पुरस्कार फ्रांस के वैज्ञानिक हेनरी बी. कागन और जापान के केन्सो सोआई को दिया गया है। दोनों वैज्ञानिकों ने रसायन विज्ञान की करीब 100 साल पुरानी गुत्थी सुलझाई है।स्वीडिश रॉयल एकेडमी ऑफ साइंसेज ने यह सम्मान उन्हें असममित कार्बनिक संश्लेषण में नॉन-लीनियर प्रभावों और ऑटोकैटेलिसिस की खोज के लिए दिया गया है। हेनरी कागान पेरिस विश्वविद्यालय से और केन्सो सोई टोक्यो यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस से जुड़े हुए हैं। यह खोज खास तौर पर दवाएं बनाने में काम आ रही है।
समिति सदस्य ने एक प्रयोग के जरिए इसे आसान भाषा में समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हमारे दोनों हाथ लगभग एक जैसे दिखते हैं, लेकिन बायां हाथ दाएं और दायां बाएं की जगह नहीं ले सकता। कुछ अणु भी ऐसे ही होते हैं। इनके दो रूप होते हैं। दोनों एक-दूसरे की मिरर इमेज होते हैं। परेशानी तब आती है जब वैज्ञानिक ऐसे अणु बनाते हैं, तो कई बार दोनों रूप एक साथ बन जाते हैं। इससे समस्या का हल नहीं निकलता।जबकि दवा बनाने में दोनों की जरूरत नहीं होती।किसी दवा का एक रूप बीमारी पर असर कर सकता है, जबकि उसकी मिरर इमेज वाला दूसरा रूप कम असरदार या नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए वैज्ञानिकों की कोशिश थी कि जिस रूप की जरूरत है, वही बने।
हमारे शरीर में अमीनो एसिड से प्रोटीन बनता है। अमीनो एसिड के दो रूप हो सकते हैं, जो एक-दूसरे की मिरर इमेज होते हैं। लेकिन शरीर प्रोटीन बनाने के लिए इनमें से सिर्फ एक रूप का इस्तेमाल करता है।वैज्ञानिकों का सवाल था कि जब दोनों रूप बन सकते हैं, तो शरीर सिर्फ एक को ही क्यों चुनता है। 1986 में हेनरी बी. कागन ने इसका एक अहम रास्ता बताया।उन्होंने ऐसा तरीका खोजा, जिससे रासायनिक प्रतिक्रिया में दोनों रूप बराबर नहीं बनते थे। एक रूप दूसरे से काफी ज्यादा बनने लगता था। यानी वैज्ञानिक ऐसी रासायनिक प्रक्रिया तैयार कर सकते हैं, जिसमें जिस अणु की जरूरत है, वही ज्यादा बने और दूसरा कम।उनकी खोज उन केमिस्ट्स के लिए क्रांतिकारी है जो दवाइयों, फ्लेवर, खुशबू और नए मटीरियल बनाने के लिए रिएक्शन विकसित करते हैं। इसके बाद केन्सो सोआई ने इस काम को आगे बढ़ाया। उन्होंने ऐसी केमिकल रिएक्शन डिजाइन की जिसमें संभावित मिरर इमेज में से सिर्फ एक ही बनी। वही आगे अपने जैसे और अणु बनाने में मदद करता है।
नोबेल पुरस्कार के विजेताओं को दिसंबर में स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में सम्मानित किया जाएगा। उन्हें मेडल, डिप्लोमा और पुरस्कार राशि दी जाएगी। 2026 में नोबेल पुरस्कार की राशि करीब 11.5 करोड़ रुपए है।
