एशियन गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों से मिले पीएम मोदी,कहा-इनकी सफलता, देश की सफलता…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में एशियन गेम्स 2026 के मेडलिस्ट खिलाड़ियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स में भारतीय महिला हॉकी ने गोल्ड मेडल जीतकर 44 साल का इंतजार खत्म किया है। खिलाड़ियों की सफलता देश की सफलता है।इस कार्यक्रम में पीएम ने भारतीय रेसलर्स, तीरंदाजों समेत अन्य पदक विजेताओं और उनके सहयोगी स्टाफ को भी बधाई दी।भारत ने एशियन गेम्स 2026 में 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज मेडल के साथ कुल 85 मेडल जीतकर चौथा स्थान हासिल किया।पीएम मोदी ने नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने एथलीटों का उत्साह बढ़ाया। पीएम का कहना है कि खिलाड़ी जब मेडल जीतते हैं, तो वे देश का मान बढ़ाते हैं।
खिलाड़ियों से बात करते हुए पीएम ने कहा, “आप लोगों के बीच आना मुझे ऊर्जा से भर देता है। इतने पदकवीरों से एकसाथ मिलना कोई मामूली बात नहीं है बल्कि ये बहुत ही अच्छा एहसास है। आपने देशवासियों को गौरवान्वित किया है। सबसे अच्छा होता है कि तिरंगे की शान बढ़ाना और आप लोगों ने तिरंगे की शान बढ़ाया है। ये सफलता सिर्फ आपकी नहीं बल्कि करोड़ों देशवासियों की है। मैं आप सभी को दिल से एक बार फिर से बधाई देता हूं। आपके कोच, सपोर्ट स्टाफ और परिवारवालों को भी बधाई।”
महिला हॉकी टीम की प्रशंसा करते हुए पीएम ने कहा, “महिला हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल लाकर 44 साल के लंबे इंतजार को खत्म किया है। संकल्प और सपने एक दिन में पूरे नहीं होते बल्कि इसके लिए वर्षों का धैर्य और लगातार परिश्रम अनिवार्य होता है। देश में बदलाव उसी भावना से आया है जिसकी बदौलत आपने सफलता हासिल की है।”उन्होंने कहा, “बीते 10-12 सालों में देश ने लगन और निष्ठा से लगातार प्रयास किए हैं। आज हर खिलाड़ी को यह भरोसा रहता है कि उसके पूरे सफर में देश उसके साथ है और इसकी वजह से वह देश के लिए क्या करके दिखाता है, आप सभी इसके उदाहरण हैं।”प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत के जीते 85 पदकों में से 38 पदक महिला खिलाड़ियों ने जीते हैं, जिनमें 11 गोल्ड मेडल शामिल हैं। ये पदक सिर्फ आंकड़े नहीं, बल्कि नए भारत की मजबूत तस्वीर पेश करते हैं।
इस कार्यक्रम मेंकेंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और भारतीय ओलंपिक संघ अध्यक्ष पीटी उषा भी उपस्थित रहीं।इस दौरान मेजर ध्यान चंद स्टेडियम में हुए आयोजन में एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय पुरूष और महिला हॉकी और क्रिकेट टीमों ने अपने हस्ताक्षर वाली जर्सी प्रधानमंत्री को भेंट की।
