आज रात से शुरू हो रहा है फुटबॉल का सबसे बड़ा त्योहार:अमेरिका-कनाडा-मेक्सिको में 48 टीमों के बीच 104 मैच…
आज यानी 11 जून से फीफा 2026 का आगाज होने जा रहा है। अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको, की मेजबानी में कुल 48 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत समेत दुनिया भर के फुटबॉल फैंस इस साल के फीफा वर्ल्ड कप (FIFA World Cup) का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और उनका ये इंतजार आज रात आखिरकार खत्म होने जा रहा है। मैक्सिको सिटी स्टेडियम में आज रात मैक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच ओपनिंग मैच के किक-ऑफ के साथ ही इस टूर्नामेंट का आगाज हो जाएगा।
अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आज से आयोजित होने जा रहा यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। पहली बार 48 टीमें विश्व कप में हिस्सा लेंगी, 104 मुकाबले खेले जाएंगे और 16 शहर इस वैश्विक फुटबॉल उत्सव की मेजबानी करेंगे। यह सिर्फ एक फुटबॉल टूर्नामेंट नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति, संगीत और वैश्विक एकता का महोत्सव बनने जा रहा है।लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो सहित दुनिया के 1,248 फुटबॉलर्स वर्ल्ड कप में हिस्सा लेंगे।
विश्व कप का उद्घाटन 11 जून को मैक्सिको सिटी में होगा। उद्घाटन मुकाबले से पहले रंगारंग समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें संगीत और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। शकीरा इस समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण होंगी। उनके अलावा बर्ना बॉय, जे बाल्विन, डैनी ओशन, बेलिंडा, लिला डाउन्स, लॉस एंजिलिस अजुलेस और माना परफॉर्म करेंगे। ये सभी कलाकार फीफा विश्व कप 2026 के आधिकारिक एल्बम के गानों को लाइव परफॉर्म करेंगे।
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के स्ट्रीमिंग राइट्स को लेकर हफ्तों तक अनिश्चितता के बादल छाए रहने के बाद, हाल ही में Zee Entertainment Enterprises ने अगले आठ सालों के लिए अपने OTT प्लेटफॉर्म और अपने नए लॉन्च हुए स्पोर्ट्स चैनल्स के लिए राइट्स सिक्योर कर लिए हैं। इसी तरह, दूरदर्शन का DD Free Dish भी अपने स्पोर्ट्स चैनल के जरिए देश में चुनिंदा मैचों का लाइव ब्रॉडकास्ट करेगा।
इस साल का प्राइज मनी पिछले साल के प्राइज मनी से काफी अधिक है। 2022 फीफा कतर में खेला गया था। अर्जेंटीना 2022 में विजेता रहा था। फीफा वर्ल्ड कप 2022 के प्राइज मनी के हिसाब से, 2026 के प्राइज मनी में लगभग 50 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 की प्राइज मनी 655 मिलियन डॉलर है जो कि भारतीय रुपयों में देखें 6241 करोड़ रूपये होते हैं।2022 फीफा वर्ल्ड कप की प्राइज मनी 440 मिलियन डॉलर थी।
