इजराइल जा रही फ्लाइट में खूनी झड़प,पायलटों में चाकूबाजी,सहमे यात्री…
दुबई से तेल अवीव जा रही एक फ्लाइट को हाईजैक कर क्रैश कराने की कोशिश हुई है। को-पायलट ने साथी पायलट पर चाकू से हमला किया और विमान का कंट्रोल अपने हाथ में लेने की कोशिश की। दूसरे पायलट और कुछ यात्रियों ने हाथापाई कर उसे रोक लिया।दुबई की फ्लाइट में यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे हुई। इस वजह से 1 मिनट के अंदर विमान करीब 17 हजार फीट नीचे आ गया। इसके बाद विमान से हाईजैक का अलर्ट भेजा गया।विमान में करीब 180 यात्री सवार थे, जिनमें 100 से ज्यादा इस्राइली यात्री बताए गए हैं।यह विमान संयुक्त अरब अमीरात की विमानन कंपनी फ्लाईदुबई का वाणिज्यिक यात्री विमान था। यह दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ान भर रहा था। विमान फ्लाइट FZ1073 के रूप में संचालित हो रहा था।
हाईजैक का सिग्नल मिलते ही इजरायल में हड़कंप मच गया और तेल अवीव ने तुरंत अपने फाइटर जेट आसमान में रवाना कर दिए गए। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी तुरंत सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक करके स्थिति पर नजर बनाई।उनकी निगरानी में फ्लाइट का रास्ता बदला गया और उसे सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।विमान ने पहले 7700 कोड भेजा। इसका मतलब होता है कि विमान में कोई इमरजेंसी है। कुछ ही सेकंड बाद विमान ने 7500 कोड भेजा। यह कोड विमान में हाईजैक का है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, विमान के कॉकपिट में पायलट और को-पायलट के बीच झगड़ा हुआ था। इसी दौरान विमान से इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए। हालांकि, दोनों के बीच झगड़ा किस बात पर शुरू हुआ था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।इस दौरान एक पायलट ने कथित तौर पर अपने साथी पायलट पर चाकू से हमला कर दिया। एक वरिष्ठ सैन्य सूत्र के अनुसार, हमले में एक पायलट बेहोश हो गया।प्रारंभिक आशंका यह जताई गई कि हमलावर पायलट विमान को जमीन पर गिराने के इरादे से उसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, घटना की जांच अभी जारी है। यह स्पष्ट नहीं है कि कथित कार्रवाई के पीछे मनोवैज्ञानिक कारण था या कोई अन्य वजह।इस्राइली मीडिया के मुताबिक, विमान में मौजूद अतिरिक्त फ्लाइट क्रू और कुछ इस्राइली यात्रियों ने मिलकर पायलट को काबू करने में मदद की। एक यात्री ने बताया कि कुछ इस्राइली यात्री कॉकपिट में पहुंचे और वहां मौजूद पायलट को नियंत्रित करने में मदद की।
मिरियम नाम की एक यात्री ने बताया कि उसने कॉकपिट से चीखने की आवाजें सुनी थीं। दरवाजा खुलने पर उसने एक पायलट को घायल हालत में देखा। उसके हाथ में फोल्डिंग चाकू था और हर तरफ खून बिखरा हुआ था।एक यात्री के मुताबिक, चाकू से घायल पायलट की हालत गंभीर थी। विमान में मौजूद एक इजराइली डेंटिस्ट ने उसका इलाज किया और उसकी जान बचाने में मदद की।विमान को उसके निर्धारित गंतव्य तेल अवीव के बजाय सऊदी अरब में आपातकालीन रूप से उतारा गया।इस्राइल ने बताया कि आम नागरिकों की तरह फ्लाइट में मौजूद पायलटों की एक दूसरी टीम ने विमान को नीचे उतारा। हिब्रू भाषा की मीडिया ने विमान की लैंडिंग का एक वीडियो जारी किया है। जिसमें विमान के लैंडिंग करते समय यात्रियों के गाने गाते, तालियां बजाते और जश्न मनाते हुए देखा गया है।एयरलाइन ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी सही सलामत मौजूदगी की पुष्टि हो गई है। एयरलाइन ने कहा, ‘हमारी टीमें संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं, जैसे ही और पक्की जानकारी मिलेगी आगे की अपडेट दी जाएगी।’
इजराइल की सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को संभावित आतंकी हमले के एंगल से भी देख रही हैं। इस घटना की जांच में शिन बेट, मोसाद, इजराइली सेना और परिवहन मंत्रालय समेत कई एजेंसियां शामिल हैं।दो इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट का को-पायलट ओमानी नागरिक था और वही घटना में हमलावर था। अभी यह साफ नहीं है कि उसे इजराइल जाने वाली फ्लाइट उड़ाने की मंजूरी कैसे मिली।जांच का एक बड़ा सवाल यह है कि फ्लाइट के क्रू में ओमान का पायलट कैसे शामिल हुआ, जबकि ओमान और इजराइल के बीच राजनयिक संबंध नहीं हैं।
