एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित होंगे वायुसेना के नए प्रमुख…
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह 31 अक्तूबर 2026 की दोपहर से वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे और 31 दिसंबर 2028 तक इस पद पर रहेंगे। राष्ट्रपति ने एयर मार्शल दीक्षित की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।वह अभी वाइस एयर चीफ मार्शल हैं। उन्होंने 1 जुलाई 2026 को यह पदभार संभाला था।वह एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लेंगे, जो 30 सितंबर 2024 को वायुसेना प्रमुख बने थे और 31 अक्तूबर 2026 को सेवानिवृत्त होंगे।आशुतोष दीक्षित कारगिल जंग में भी शामिल थे। उन्होंने फाइटर जेट से घुसपैठियों पर बम गिराए थे। वह 20 तरह की लड़ाकू विमान उड़ाने में माहिर हैं।
एयर मार्शल दीक्षित को 6 दिसंबर 1986 को IAF की फाइटर स्ट्रीम में कमीशन मिला था। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, बांग्लादेश के रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज और राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय के पूर्व छात्र हैं।एयर मार्शल दीक्षित को स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस और वायुसेना की अन्य स्वदेशी विमान परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका के लिए जाना जाता है। उनकी नियुक्ति से वायुसेना में आत्मनिर्भरता पर जोर और बढ़ने की उम्मीद है।एयर मार्शल दीक्षित को करीब 40 साल का सर्विस अनुभव है। उन्होंने मिराज-2000, मिग के अलग-अलग वर्जन, जगुआर, तेजस, हॉक, IL-78, AN-32, किरण, HPT-32 और एवरो जैसे कई विमानों को उड़ाया है। वे एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट और क्वालिफाइड फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर भी हैं। उन्होंने अब तक 3500 घंटे से ज्यादा उड़ान भरी है।
उन्होंने ऑपरेशन सफेद सागर, ऑपरेशन रक्षक, कोप-इंडिया और ऑपरेशन सिंदूर जैसे अभियानों और सैन्य अभ्यासों में हिस्सा लिया है। भारतीय वायुसेना में स्वदेशी LCA तेजस और दूसरे स्वदेशी विमान प्रोजेक्ट्स को आगे बढ़ाने में भी उनकी अहम भूमिका रही है।उन्हें 2006 में वायु सेना पदक, 2011 में विशिष्ट सेवा पदक, 2023 में अति विशिष्ट सेवा पदक और 2026 में परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
