ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर MEA ने कहा – ‘आतंकवाद पर नहीं झुकेगा भारत’,निर्णायक लड़ाई जारी,’यह अंत नहीं, शुरुआत है..
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए 7 मई 2025 की रात करीब 1:05 बजे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया। तीनों सेनाओं के इस संयुक्त अभियान में 22 मिनट के अंदर पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में आतंकियों के 9 प्रमुख ठिकानों को तबाह कर दिया। इसमें 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। आज इस ऑपरेशन को 1 साल पूरा हो गया है।
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान को आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने साफ शब्दों में कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि सीमा पार आतंकवाद लंबे समय से पाकिस्तान की राज्य नीति का हिस्सा रहा है। भारत ने यह भी दोहराया कि आतंकवाद के खिलाफ अपनी सुरक्षा के लिए जवाब देना उसका अधिकार है।विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि पहलगाम आतंकी हमले को पूरी दुनिया ने देखा और समझा कि इसके पीछे किस तरह सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा दिया गया। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का करारा जवाब दिया था और भविष्य में भी आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए काम जारी रहेगा।
MEA ने कहा कि भारत अपनी सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाने का अधिकार रखता है।देश किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा।सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) को लेकर भी भारत ने अपना रुख दोहराया। MEA ने कहा कि यह संधि फिलहाल पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद को समर्थन दिए जाने के कारण स्थगित स्थिति में है। भारत ने साफ किया कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद के समर्थन से पूरी तरह और स्थायी रूप से पीछे नहीं हटता, तब तक इस मुद्दे पर स्थिति अपरिवर्तित रहेगी।
लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह अभियान अंत नहीं, बल्कि सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई पूरी जिम्मेदारी, पेशेवर तरीके और देश की संप्रभुता व नागरिकों की सुरक्षा के प्रति मजबूत संकल्प के साथ आगे भी जारी रखेगा।वहीं एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने कहा कि भारत ने अपने सभी सैन्य लक्ष्य हासिल करने के बाद ऑपरेशन को रोका। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस अभियान का निशाना सिर्फ आतंकी ढांचा था और भविष्य में किसी भी आतंकी हमले या दुस्साहस का भारत की ओर से कड़ा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा।
एयर मार्शल भारती ने कहा कि भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 11 एयरफील्ड पर हमला किया और 13 विमानों को नष्ट किया। इनमें जमीन पर मौजूद और हवा में उड़ रहे विमान दोनों शामिल थे। उन्होंने दावा किया कि एक हाई-वैल्यू एयरबोर्न एसेट को 300 किलोमीटर से अधिक दूरी से मार गिराया गया।उन्होंने कहा कि पाकिस्तान भारत को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा सका। न तो भारतीय सैन्य ढांचे को गंभीर क्षति हुई और न ही नागरिक इलाकों को ज्यादा नुकसान पहुंचा। भारती ने कहा, “कहानी और बयानबाजी से जीत नहीं मिलती। जीत का फैसला तथ्यों से होता है।”
ऑपरेशन रोकने के सवाल पर एयर मार्शल ने कहा कि भारत अपने सैन्य लक्ष्य हासिल कर चुका था।उनके मुताबिक भारत ने कार्रवाई तब रोकी जब पाकिस्तान की ओर से संघर्ष रोकने की मांग की गई। भारती ने कहा, “हम पीछे हटे, लेकिन झुके नहीं।” संदेश साफ था कि आतंकवादी हरकतों का जवाब जरूर मिलेगा।अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर फिलहाल ‘रुका हुआ’ है, लेकिन भारत की सैन्य तैयारी और सुधार लगातार जारी हैं।
