चौथी बार ब्राजील के राष्ट्रपति बने लूला दा सिल्वा, पीएम मोदी ने दी बधाई…
ब्राजील में लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा ने चौथी बार राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के समर्थक फ्लावियो बोल्सोनारो को हराया है। लूला ने 2022 के चुनाव में फ्लावियो के पिता और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो को भी हराया था।पहले दौर की वोटिंग में लूला, फ्लावियो बोल्सोनारो से पिछड़ गए थे, लेकिन दूसरे दौर में बाजी पलट दी। फ्लावियो को पहले चरण में 47% वोट मिले थे। वहीं लूला को 45% वोट मिले थे।इस जीत के साथ देश की राजनीति में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला। चुनाव में हार के बाद बोल्सोनारो ने नतीजों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और चुनाव रद्द करने की मांग उठाई। लूला की जीत को लैटिन अमेरिका की राजनीति के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे क्षेत्र में वामपंथी विचारधारा वाले नेताओं की स्थिति मजबूत हुई है।
ब्राजील के चुनाव अधिकारियों के मुताबिक, सभी वोटों की गिनती पूरी होने के बाद लूला को कुल 51.8 फीसदी वोट मिले। उन्होंने बोल्सोनारो को करीब 44 लाख वोटों से पीछे छोड़ दिया। नतीजों की घोषणा के बाद लूला के समर्थकों में जश्न का माहौल बन गया। साओ पाउलो में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए, जबकि रियो डी जनेरियो में गाड़ियों के हॉर्न बजाकर जीत का जश्न मनाया गया।ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करने के बाद लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने कहा कि उनकी पार्टी ने लोगों को यह समझाने में सफलता हासिल की कि ब्राजील में लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि उनकी जीत के साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किए गए विदेशी हस्तक्षेप को भी मात मिली है। लूला ने साफ कहा कि ब्राजील किसी दूसरे देश का पिछवाड़ा नहीं है और देश अपने फैसले खुद लेने में सक्षम है। उन्होंने आगे कहा कि उनकी सरकार देश चलाने के तरीके में बदलाव करेगी और फैसले लेने की प्रक्रिया में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाई जाएगी, ताकि जनता की आवाज को अधिक महत्व मिल सके।
80 साल के लूला लंबे समय से ब्राजील की राजनीति का बड़ा चेहरा रहे हैं। उन्होंने पहली बार 1989 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत के लिए उन्हें 2002 तक इंतजार करना पड़ा। इसके बाद 2006 ,2022 में भी वे राष्ट्रपति चुने गए।
चौथी बार उनके ब्राजील का राष्ट्रपति बनने का रास्ता साफ होने पर उन्हें दुनियाभर के नेताओं ने बधाइयां दीं।इसी के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा को चौथी बार राष्ट्रपति चुने जाने पर हार्दिक बधाई दी है।सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने लूला को अपना प्रिय मित्र बताते हुए लिखा कि भारत और ब्राजील विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और गहरा करेंगे।उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर ग्लोबल साउथ की साझा प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आगे बढ़ाएंगे तथा एक अधिक समावेशी, न्यायसंगत और सतत विश्व के निर्माण की दिशा में मिलकर काम करेंगे।
शशि थरूर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, “फैक्ट्री फ्लोर से लेकर वैश्विक मंच तक लूला दा सिल्वा की ऐतिहासिक जीत इस बात की एक सशक्त याद दिलाती है कि ब्राजील की धड़कन उसके लोगों में बसती है।” उन्होंने आगे कहा कि मजदूर वर्ग और गरीबों के एक मजबूत समर्थक के रूप में उनका सत्ता में लौटना ब्राजील में सामाजिक समावेश, आर्थिक न्याय और गरीबी के खिलाफ लड़ाई में नई जान फूंकता है।
