तमिलनाडु के तिरुवल्लूर में अमोनिया गैस लीक होने से बड़ा हादसा,7 की मौत,65 से ज्यादा घायल, 9 वेंटिलेटर पर…
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में रविवार को एक सीफूड एक्सपोर्ट फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव हो गया।हादसे में 7 महिला कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 65 से ज्यादा घायल हैं। घायलों में भी 9 वेंटिलेटर पर हैं। गैस रिसाव की घटना सेंट पीटर्स पॉल सीफूड्स एक्सपोर्ट्स यूनिट में हुई।घटना की जानकारी मिलते ही अरक्कोनम स्थित NDRF की चौथी बटालियन मुख्यालय से 30 सदस्यों वाली NDRF की टीम को मौके पर भेजा गया।एनडीआरएफ की टीम अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से लैस होकर घटनास्थल पहुंची। टीम के पास पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई), गैस डिटेक्शन डिवाइस और रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल और परमाणु (सीबीआरएन) आपदा से निपटने वाले विशेष उपकरण मौजूद हैं। अधिकारियों के अनुसार, गैस रिसाव को नियंत्रित करने और प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए बचाव एवं राहत कार्य जारी है। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिला कलेक्टर एस. कविता ने बताया कि 46 मरीजों को वेल्स हॉस्पिटल और 21 मरीजों को वेंकटेश्वरा हॉस्पिटल में एडमिट करवाया गया है। इनमें से नौ गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए एम्बुलेंस के जरिए चेन्नई के सरकारी स्टेनली मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।हादसे का शिकार हुई अधिकांश कर्मचारी 24 से 25 वर्ष की युवा महिलाएं हैं। उन्होंने कहा कि मरीजों की नाड़ी और रक्तचाप की निगरानी की जा रही है।चिकित्सक ने कहा कि कई मरीजों का रक्तचाप सामान्य से काफी कम है, लेकिन उनकी उम्र कम होने के कारण उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद है।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, फैक्टरी में किसी वाल्व की खराबी के कारण अमोनिया गैस का रिसाव हुआ हो सकता है। जांच में सुरक्षा मानकों के पालन और संभावित लापरवाही के पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और सभी प्रभावित श्रमिकों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने इस गैस लीक हादसे की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।कमेटी को 24 घंटे के भीतर एक अंतरिम रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।इसके बाद तीन दिनों के भीतर हादसे की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को भी कहा गया है। इस हाई लेवल तीन सदस्यीय कमेटी में इंडस्ट्रियल सेफ्टी एंड हेल्थ डायरेक्टर, तमिलनाडु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव और लोक स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त डायरेक्टर शामिल होंगे। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने हादसे के मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।सरकार ने घटना में जान गंवाने वालों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये की मुआवजा राशि देने की घोषणा की है।
गवर्नर राजेंद्र अर्लेकर ने मौतों पर शोक व्यक्त किया है। लोकभवन से जारी बयान में कहा गया है, “तिरुवल्लूर जिले के पेरियापालयम के पास कनिगईपायर गांव में एक झींगा प्रोसेसिंग फैक्ट्री में अमोनिया गैस लीक की दुखद घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। इस घटना में कई लोगों की जान चली गई और कई कर्मचारी घायल हो गए हैं।”उन्होंने कहा, “मैं उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि उन्हें इस कठिन समय में हिम्मत और साहस मिले। मैं उन सभी लोगों के जल्द ठीक होने की भी कामना करता हूं जिनका इलाज चल रहा है।”
