पावर बैंक फटने से दिल्ली से चेन्नई जा रहे इंडिगो विमान में लगी आग…
दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विमान के अंदर यात्रियों का सामान रखने वाली जगह पर आग लग गई। दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो फ्लाइट की हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।धुआं निकलता देख यात्रियों ने क्रू को खबर दी। इसके बाद प्लेन को हैदराबाद डायवर्ट कर इमरजेंसी लैंडिग करवाई गई।इंडिगो ने कहा कि आग लगने का पता चलते ही केबिन क्रू ने स्थिति को काबू में कर लिया। इसके बाद पायलटों ने विमान को डायवर्ट किया।इंडिगो ने बताया कि यात्रियों को चेन्नई पहुंचाने के लिए एक दूसरे विमान की व्यवस्था की गई।
घटना के बाद जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक, सभी पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं।जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6ई-6115 दिल्ली से चेन्नई जा रही थी।उड़ान के दौरान यात्री के पावर बैंक से धुआं निकलता देखा गया। केबिन के क्रू मेंबर ने तुरंत स्थिति को कंट्रोल किया।फायर सेफ्टी के उपकरण से आग पर काबू पाया गया।इंडिगो ने अपने बयान में कहा, ’11 अक्टूबर 2026 को संचालित फ्लाइट 6ई-6115 को एक यात्री के व्यक्तिगत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण से धुआं निकलने की सूचना मिलने के बाद हैदराबाद डायवर्ट किया गया। फ्लाइट को राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इंडिगो का कहना है कि यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए चेन्नई जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।’इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। जिसमें यात्री फायर-फायर चिल्लाते नजर आ रहे हैं।इसके बाद वहां बैठे दूसरे यात्री ओवरहेड बिन (सामान रखने वाली जगह) से सामान हटाते दिखाई दे रहे हैं।
DGCA के नियमों में पावर बैंक इस्तेमाल करना प्रतिबंधित
DGCA (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) के मुताबिक, विमान में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने और उड़ान के दौरान उनका इस्तेमाल करने के नियम अलग-अलग हैं।मोबाइल, लैपटॉप और टैबलेट जैसे डिवाइस साथ ले जा सकते हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल फ्लाइट मोड, एयरलाइन के निर्देशों के तहत करना होता है।हालांकि, DGCA ने 11 नवंबर 2025 के एडवाइजरी सर्कुलर में फ्लाइट के दौरान पावर बैंक से दूसरे डिवाइस चार्ज करने पर रोक लगाने की सलाह दी थी। मार्च 2026 में संसद में दिए गए जवाब में भी इसकी पुष्टि की गई थी।DGCA के अनुसार, पावर बैंक और अन्य रिचार्जेबल डिवाइस में इस्तेमाल होने वाली लिथियम बैटरियां आग लगने का बड़ा कारण बन सकती हैं।पावर बैंक और अतिरिक्त लिथियम बैटरियां केवल हैंड बैगेज में ही ले जाने की अनुमति है। इन्हें ओवरहेड केबिन या लगेज रैक में रखना सख्त मना है।
