पेट्रोल-डीजल-CNG महंगा,नई कीमतें लागू…
वैश्विक बाजार में ऊर्जा की जो कीमतें इतनी तेजी से बढ़ी हैं, उसका सीधा बोझ अब तेल कंपनियों ने ग्राहकों के कंधों पर डाल दिया है। इसी का नतीजा है कि अब आपको अपनी गाड़ी में तेल भरवाने के लिए पहले के मुकाबले बहुत ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ेंगे। पेट्रोल-डीजल के दामों में आखिरी बार वृद्धि अप्रैल 2022 में हुई थी। पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है।दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर में मिलेगा। डीजल की कीमत 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है। नए दाम आज 15 मई से लागू हो गए हैं।वहीं कंपनियों को अभी भी पेट्रोल-डीजल पर ₹25-₹30 प्रति लीटर का घाटा हो रहा है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों के साथ प्रमुख शहरों में CNG भी ₹2 प्रति किलो तक महंगी हो गई हैं। दिल्ली में अब एक किलो CNG के लिए ₹79.09 खर्च करने होंगे।
दिल्ली के अलावा देश के अन्य प्रमुख महानगरों में भी पेट्रोल की कीमतों में बहुत बड़ी तेजी आई है। कोलकाता में पेट्रोल के दाम 3.29 रुपये बढ़कर अब 108.74 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं। वहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमत 3.14 रुपये बढ़कर 106.68 रुपये प्रति लीटर हो गई है। दक्षिण भारत के बड़े शहर चेन्नई की बात करें, तो वहां भी पेट्रोल के दामों में 2.83 रुपये का भारी उछाल आया है और इसकी नई कीमत 103.67 रुपये प्रति लीटर तय कर दी गई है।
